लखनऊ: जून की तपिश के बीच राजधानी लखनऊ में क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंचने वाला है। शहर का प्रतिष्ठित इकाना स्टेडियम 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले दूसरे वनडे मुकाबले की मेजबानी करेगा।
दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाला यह मैच न केवल सीरीज का अहम पड़ाव होगा, बल्कि स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी बड़ा आकर्षण बनेगा।
बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के आगामी भारत दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
दौरे की शुरुआत 6 से 10 जून 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में होने वाले एकमात्र टेस्ट से होगी। यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा, क्योंकि अफगानिस्तान अभी डब्ल्यूटीसी का सदस्य नहीं है।
टेस्ट के बाद वनडे सीरीज 14 जून को धर्मशाला में शुरू होगी। दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा। सभी वनडे मैच दिन-रात्रि प्रारूप में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।
भारतीय टीम फिलहाल टी20 विश्व कप में व्यस्त है और फाइनल में पहुंच चुकी है। 5 मार्च को उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा, जबकि टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा।
इसके बाद खिलाड़ियों को लगभग 20 दिनों का विश्राम मिलेगा। 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत होगी और 31 मई को उसका फाइनल प्रस्तावित है। इसके तुरंत बाद टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
इतिहास पर नजर डालें तो अफगानिस्तान ने 2018 में भारत के खिलाफ ही अपना पहला टेस्ट खेला था, जिसमें भारतीय टीम ने पारी और 262 रन से जीत दर्ज की थी। अब तक अफगानिस्तान 12 टेस्ट मैच खेल चुका है—4 में जीत, 7 में हार और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है।
लखनऊ में होने वाला दूसरा वनडे इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इकाना की पिच अक्सर संतुलित मुकाबले के लिए जानी जाती है। दर्शकों का उत्साह और घरेलू माहौल मैच को और रोमांचक बना सकता है। ऐसे में जून में एक बार फिर नवाबों का शहर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की गूंज से सराबोर नजर आएगा।










