भारत ने पाकिस्तान को अंडर-19 वर्ल्ड कप से बाहर कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

0
46

जूनियर क्रिकेट हो या सीनियर, अपवाद को छोड़ दें तो पाकिस्तान की टीम अब भारत से पिटने की आदी हो गई है। रविवार को अंडर-19 वर्ल्ड कप में सुपर-6 स्टेज के आखिरी मैच में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लड़खड़ाने के बाद वापसी करते हुए पाकिस्तान के सामने 253 रन का लक्ष्य रखा था। अपना नेट रनरेट दुरुस्त करने के लिए पाकिस्तान को सेमीफाइनल में इन्ट्री के लिए इस लक्ष्य को 33.3 ओवर में हासिल करना था। लेकिन पाकिस्तान की टीम सिर्फ 194 रन पर ही सिमट गई।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया को इस मैच में शुरुआत अच्छी मिली थी, पहले विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी के बीच 47 रन की साझेदारी हुई। लेकिन इसी स्कोर पर भारत को तीन झटके लगने से उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। वैभव 30 रन बनाकर आउट हुए। नंबर तीन पर बैटिंग करने उतरे कप्तान आयुष म्हात्रे 2 गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। आरोन जॉर्ज 16 रन बनाकर आउट हो गए।

47 के स्कोर पर टीम इंडिया को लगातार तीन झटके लगे। इसके बाद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों ने भारतीय पारी को संभाला। इस मैच का एकमात्र अर्द्धशतक वेदांत त्रिवेदी के बल्ले से आया। उन्होंने 98 बॉल पर 68 रन बनाए। उनके अलावा अंबरीश ने 29 रन, कनिष्क चौहान ने 35 और खिलन पटेल ने 21 रन का योगदान दिया।

टीम इंडिया की गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने टेक दिए घुटने
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम को पहला झटका 23 के स्कोर पर लगा। समीर मिन्हास जिनसे इस मैच में काफी उम्मीदें थी, वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और 11 गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने 42 और उस्मान खान ने 66 रन जरूर बनाए लेकिन वह टीम को टॉप-4 में नहीं पहुंचा सके। इन दोनों के आउट होने के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स के खिलाफ रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे।

इस मैच में पाकिस्तान के कई बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक नहीं पहुंच सके। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने इस मैच में कमाल की गेंदबाजी की, खासकर कप्तान आयुष म्हात्रे ने। उन्होंने इस मैच में तीन विकेट लिए। वहीं खिलन पटेल ने भी 3 विकेट लिए। पाकिस्तान की टीम अंत में 46.2 ओवर में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here