भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप हॉकी में शानदार स्टिक वर्क दिखाते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। बिहार के राजगीर में चल रहे इस टूर्नामेंट में पूल-ए में अपने दूसरे मुकाबले भारत ने जापान को 3-2 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सुपर-4 में जगह बना ली। पूल-ए से सुपर-4 के लिए दूसरी टीम कौन सी होगी इसका फैसला चीन और जापान के बीच एक सितंबर की शाम को होने वाले मुकाबले के परिणाम से तय होगा।
भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में पहला मैच चीन की टीम के साथ हुआ था, जिसे वह 4-3 से जीतने में सफल रही थी। जापान के खिलाफ भी कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा 2 गोल किए, जबकि एक गोल राज कुमार पाल ने किया। जापान के खिलाफ हॉकी एशिया कप में मिली भारतीय टीम को लगातार दूसरी जीत के साथ वह सुपर-4 के लिए भी अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब हो गई है। पूल-ए की प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया 2 जीत के बाद 6 अंकों के साथ पहले नंबर पर है।
जापान की टीम इस मैच में मिली हार के चलते तीन अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। चीन की टीम पूल ए में प्वाइंट्स टेबल में तीन अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। भारतीय टीम के लिए अभी तक 2 मैचों में सबसे ज्यादा गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए हैं, जिसमें वह कुल 5 गोल अब तक कर चुके हैं। वहीं भारत के खिलाफ मैच में जापान की तरफ से 2 गोल क्वाबे कोसई ने किए।
पूल-ए में भारत के अलावा चीन, जापान और कजाखस्तान की टीम हैं, जिसमें टीम इंडिया ने सुपर-4 में तो अपनी जगह बना ली है लेकिन प्वाइंट्स टेबल में नंबर-1 की पोजीशन पर बरकरार रखने के लिए उसे कजाखस्तान के खिलाफ एक सितंबर को होने वाले मुकाबले को भी जीतना होगा।










