दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए फाइनल को एकतरफा अंदाज में जीत कर पाकिस्तान ने दुसरी बार अंडर19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत अंडर 19 एशिया कप 2025 का फाइनल 191 रनों से हार गया। इस अहम मुकाबले में न तो भारतीय गेंदबाज अपनी लय में नजर आए और न ही बल्लेबाज बड़े स्कोर का दबाव बर्दाश्त कर सके। फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने सलामी बल्लेबाज समीर मिन्हास के तूफानी शतक की मदद से 8 विकेट पर 347 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन बनाकर आउट हो गई। दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 26 रन बनाए।
भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पाकिस्तान से पहले बल्लेबाजी करवाने का जो फैसला लिया वो दांव उल्टा बैठ गया। पाकिस्तान ने स्कोर बोर्ड पर 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 347 रन टांग दिए। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज समीर मिन्हास ने केवल 113 गेंदों पर 172 रनों विस्फोटक पारी खेल पहले ही ट्रॉफी को भारत से काफी दूर कर दिया था। पाकिस्तान के लिए अहमद हुसैन ने भी 56 रन बनाए। इसी पाकिस्तानी टीम को भारत ने लीग मैच में 90 रनों से हराया था लेकिन फाइनल के दबाव में टीम बिखर गई।
लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी भारतीय टीम के कप्तान कप्तान आयुष म्हात्रे (2) जल्दी आउट हो गए। एरॉन जार्ज भी 14 रन बना चलते बने। वैभव सूर्यवंशी ने जरूर कुछ आकर्षक स्ट्रोक लगाए, लेकिन उनकी भी पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। उन्होंने 10 गेंदों पर 26 रन बनाए। इस दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने उनकी एकाग्रता भंग करने के लिए उन्हें उकसाया भी। पहले आयुष म्हात्रे और पाक गेंदबाज अली राजा के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी भी इसी गेंदबाज के साथ उलझते हुए नजर आए। सूर्यवंशी ने अली रजा के पहले ही ओवर में 21 रन जड़ दिए थे। वैभव सूर्यवंशी 10 गेंदों पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
वैभव इस मैच में अली रजा की ही गेंद पर आउट हुए तो पाकिस्तानी गेंदबाज ने उनके आउट होने के बाद जमकर जश्न मनाया। सूर्यवंशी को ये पसंद नहीं आया और उन्होंने अपने ही अंदाज में इसका जवाब दिया। उन्होंने पवेलियन लौटते समय पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपने जूते की ओर इशारा किया, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वैभव ने अली रजा से कहा कि तुम्हारी जगह मेरे जूतों के आसपास है।
फाइनल मैच के खत्म होने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने अपने मेडल आईसीसी एसोसिएट सदस्यों के चेयरमैन मुबस्सिर उस्मानी से लिए। उस दौरान मोहसिन नकवी कहीं नहीं थे। उन्हें काफी दूर खड़ा किया गया था। मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को जरूर अंडर19 एशिया कप की ट्रॉफी थमाई।










