भारत 5 शतक ठोकने के बावजूद इंग्लैंड से पहला टेस्ट हारा, बेन डकेट के शतक ने खेल बिगाड़ा

0
66

– भारतीय क्षेत्ररक्षणों का घटिया प्रदर्शन जारी रहा, प्रसिद्ध कृष्णा और रविन्द्र जडेजा रहे सबसे खर्चीले गेंदबाज
– पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को नहीं मिला दूसरी पारी में एक भी विकेट

भारत का लीड्स में जीत का इंतजार खत्म नहीं हुआ। इंग्लैंड ने प्लेयर ऑफ द मैच बेन डकेट (149) के शतक और जैक क्रॉउली (65) व उनके बीच पहले विकेट के लिए हुई 188 रनों की साझेदारी की मदद से हेंडिग्ले में खेले गए तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत को 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड ने लीड्स में अपना दूसरा सबसे सफल चेज (371) भी हासिल किया। दूसरा टेस्ट एजबेस्टन, बर्मिघम में 2 जुलाई से खेला जाएगा। भारतीय टेस्ट इतिहास में पहली बार एक मैच में 5 शतक लगाने के बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर इंग्लैंड ने इस टेस्ट में सिर्फ दो शतक लगाए लेकिन बाकी बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन से मैच जीत कर 5 टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। शुभमन गिल भी अपनी कप्तानी के पहले टेस्ट में जीत से पांच विकेट दूर रह गए।

भारतीय जीत का दारोमदार काफी कुछ जसप्रीत बुमराह के कंधों पर था लेकिन पांचवें और अंतिम दिन उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला, यही भारत की हार का कारण भी रहा। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और रविन्द्र जडेजा का काफी खर्चीला साबित होना और दूसरी पारी में भी क्षेत्ररक्षकों का कैच न पकड़ पाना भी भारत को महंगा पड़ गया। भारत ने पिछले 35 सालों में इंग्लैंड में कभी भी सीरीज का पहला टेस्ट मैच नहीं जीता है।

दिन के पहले सेशन में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने बिना विकेट गंवाए 96 रन जोड़कर पहले तो खुद को सेट किया, इसके बाद दूसरे सेशन में रन गति बढ़ाकर टीम को जीत की महक दिलाई। खासकर बेन डकेट ने काफी तेजी से रन बटोर कर इंग्लैंड की जीत का रास्ता आसान कर दिया। बीच में एक समय ऐसा भी आया जब प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दूल ठाकुर ने दो-दो विकेट लेकर मैच में जान फूंक दी थी। लेकिन उसके बाद जो रूट (नाबाद 53) और जेमी स्मिथ (नाबाद 44) ने इंग्लैंड को कोई और झटका नहीं लगने दिया। हालांकि रूट को एक जीवनदान जरूर मिला जब रिषभ पंत देख ही नहीं पाए कि रूट के बल्ले से लगकर गेंद उन्हीं के आगे खड़ी हो गई थी।

चाय के ब्रेक तक इग्लैंड का स्कोर 269/4 था और अभी भी भारतीय टीम मुकाबले में थी। इस समय तक इंग्लैंड को जीत के लिए 102 रन की जरूरत थी जबकि भारत को 6 विकेट चाहिए। जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर थे। इंग्लैंड ने दूसरे सेशन में 173 रन जोड़कर हैरी ब्रूक (0), बेन डकेट (149), ओली पोप (8) और जैक क्रॉउली (65) के विकेट खोए। बता दें कि सोमवार को भारत की दूसरी पारी 364 रनों पर सिमटी थी। वहीं, भारत के 471 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 465 रन बनाए थे।

अंतिम सेशन में मेजबान टीम ने कप्तान बेन स्टोक्स (33) का विकेट जरूर खोया लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 6.13 के औसत से 92 रन देकर दो विकेट और शार्दूल ठाकुर ने 51 रन देकर दो विकेट लिए। जडेजा ने 104 रन खर्च कर एक विकेट लिया।

 

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here