– चौथे टी-20 में आस्ट्रेलिया को 48 रनों से दी शिकस्त, भारत के 167 के जवाब में आस्ट्रेलिया 119 रनों पर ढेर
-अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर का शानदार प्रदर्शन, शुभमन गिल ने खेली अच्छी पारी
अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर के शानदार प्रदर्शन से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला 48 रनों के बड़े अंतर से जीत कर सीरीज में 2-1 से अजेय बढ़त बना ली। करारा में खेले गए इस अहम मुकाबले में टीम इंडिया ने एकजुट प्रदर्शन कर छोटे स्कोर को बखूबी डिफेंड करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी के मैदान में करारी शिकस्त दी।
का पहला मुकाबला जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने शानदार आगाज किया था, जबकि दूसरा मैच बारिश में धुल गया था। इसके बाद टीम इंडिया ने लगातार 2 मुकाबले जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल कर ली है। अक्षर पटेल को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। अक्षर ने नाबाद 21 रनों की पारी खेली और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर 4 ओवर में महज 20 रन देकर ऑस्ट्रेलिया के 2 प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
भारत टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आठ विकेट पर केवल 167 रन ही बना सका था। लेकिन अपनी शानदार गेंदबाजी से उसने मेजबान टीम को 18.2 ओवरों में ही केवल 119 के स्कोर पर ढेर कर दिया। भारत की शुरुआत अच्छी रही थी और पावरप्ले में उसने बिना विकेट गंवाए 49 रन बना लिए थे। हालांकि इस बीच शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा को एक जीवनदान मिला था।
सातवें ओवर में भारत ने 56 के स्कोर पर अभिषेक के रूप में पहला विकेट गंवाया। उन्होंने 21 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे को प्रमोट किया गया और उन्हें तीन नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए भेजा गया। लेकिन वह भी 18 गेंदों पर केवल 22 रन बनाकर 88 के कुल स्कोर पर आउट हो गए।
शुभमन गिल ने 39 गेंदों में 46 रनों की अपनी पारी के दौरान चार चौके और एक छक्का लगाया। मिडिल ऑर्डर में कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। वह 10 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। 16वें ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार आउट हुए और इस समय भारत का स्कोर 125 रन था। केवल चार विकेट गिरे होने की वजह से ऐसा लग रहा था कि भारत यहां से भी 180 तक पहुंच जाएगा।
हालांकि ऐडम ज़ैम्पा ने एक ही ओवर में तिलक वर्मा और जितेश शर्मा को आउट करते हुए भारत को बड़े झटके दिए। तेज गेंदबाज़ नेथन एलिस ने भी बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट चटकाए। अंत में अक्षर पटेल ने 11 गेंद पर नाबाद 21 रन बनाते हुए भारत को किसी तरह 167 के स्कोर तक पहुंचाया। एलिस के अलावा ज़ैम्पा ने भी तीन विकेट अपने नाम किए।
भारत के 167 रनों का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का आगाज बेहतर रहा। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 4 ओवर तक कोई विकेट नहीं गंवाया लेकिन इसके बाद विकेट की झड़ी लग गई। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 98 रन के भीतर पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद भी बल्लेबाजों के आउट होने का सिलसिला जारी रहा। भारतीय गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज लगातार जूझते नजर आए। नतीजा ये हुआ कि ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18.2 ओवर में 119 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा स्कोर कप्तान मिचेल मार्श ने बनाया। उन्होंने 30 रनों की पारी खेली।
पारी के 10वें ओवर में शिवम दुबे ने एक धीमी गेंद पर मार्श को कैच आउट करवाया। 24 गेंद का सामना करने के बाद वह केवल 30 रन बना पाए थे। टिम डेविड ने केवल 9 गेंद की ही अपनी पारी में एक चौका और एक बड़ा छक्का लगाया। हालांकि एक शॉर्ट पिच गेंद पर दुबे ने उन्हें चकमा दिया और वह भी कैच आउट हुए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को लगातार अंतराल पर झटके लगते रहे और भारतीय टीम मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाती चली गई।
अपने स्पेल के आख़िरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की बची हुई उम्मीदों को भी समाप्त कर दिया था। 17वें ओवर में गेंदबाज़ी करने के लिए पहली बार बुलाए गए वॉशिंगटन सुंदर ने लगातार गेंद पर दो विकेट चटकाए और ऑस्ट्रेलिया को हार के और क़रीब धकेला। सुंदर को ही ऑस्ट्रेलिया का अंतिम विकेट भी मिला। वॉशिंगटन ने केवल तीन रन देकर तीन विकेट चटकाए।










