टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
भारत की पारी में संजू सैमसन ने 89 रन बनाए। शिवम दुबे ने 43 रन और ईशान किशन ने 39 रन की अहम पारियां खेलीं। टीम को पावरप्ले में सैमसन और ईशान की 97 रन की साझेदारी से मजबूत शुरुआत मिली। हार्दिक पंड्या ने 17वें ओवर में तीन चौकों से टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।
इंग्लैंड की पारी में जैकब बेथल ने 105 रन की शतकीय पारी खेली। हालांकि उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में सफल नहीं हो सकी।
इंग्लैंड को आखिरी ओवर में 30 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम केवल 22 रन ही बना पाई। इंग्लैंड से विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने एक विकेट हासिल किया।
इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसका मुकाबला 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी।










