– भारत ने विंडीज पर पांचवें दिन पहले ही सत्र में 7 विकेट से जीत दर्ज की, केएल राहुल का नाबाद अर्द्धशतक
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने घर में वेस्टइंडीज का 2-0 से सफाया कर दिया। भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की टीम को पांचवें व अंतिम दिन पहले ही सत्र में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। हालांकि भारत को इस दौरान साईं सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल (13) के विकेट और खोने पड़े। यशस्वी जयसवाल (8) चौथे दिन अंतिम सत्र में आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। केएल राहुल ने नाबाद 58 जबकि साई सुदर्शन ने 39 रन बनाए। केएल राहुल ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 108 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के भी आये।
बता दें कि इस टेस्ट में वेस्टइंडीज अपनी दूसरी पारी में 390 रन बनाकर आउट हो गई थी, जिससे टीम इंडिया को 121 रनों का लक्ष्य मिला था। इस छोटे लक्ष्य को टीम इंडिया ने आखिरी दिन 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज को अहमदाबाद टेस्ट में पारी और 140 रनों से पराजित किया था।
बताते चलें कि शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने यह पहली टेस्ट सीरीज जीती है। वहीं वेस्टइंडीज की भारतीय सरजमीं पर ये छठी टेस्ट सीरीज हार है। गौरतलब है कि वेस्टइंडीज 1983-84 से भारत में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। कैरेबियन को 27 टेस्ट मैच से भारत के खिलाफ जीत नहीं मिली है। उसे अंतिम जीत मई 2002 में किंग्सटन में मिली थी।
भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में भी हरा दिया है। इसके साथ ही सीरीज पर जहां टीम इंडिया का कब्जा हो गया है, वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल में भी भारत के पीसीटी में इजाफा दर्ज किया गया है। भारतीय टीम इस जीत से पहले तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर थी और अभी भी वहीं पर बरकरार है। हालांकि उसके पीसीटी में इजाफा हो गया है। भारतीय टीम का पीसीटी इस मैच से पहले तक 55.56 का था, जो अब 61.90 का हो गया है। फिर भी टीम इंडिया अभी तीसरे नंबर पर ही बनी हुई है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर नजर डालें तो इस वक्त ऑस्ट्रेलिया टीम पहले नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच खेलकर तीनों में ही जीत दर्ज की है। इससे उसके पास 36 अंक हैं और पीसीटी पूरे 100 का है। इसके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका की टीम है। जिसने दो मैच खेले हैं। इसमें से टीम को एक में जीत मिली है और एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। इस तरह से उसके पास 16 अंक हैं, लेकिन पीसीटी की बात की जाए तो ये 66.67 का है। आईसीसी ने तय किया है कि पीसीटी के आधार पर ही टीमों की रेटिंग तय की जाएगी। इसलिए श्रीलंका की टीम कम अंक के बाद भी भारत से आगे चल रही है।
दूसरी ओर भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में अब तक 6 मैच खेले हैं और इसमें से चार में उसे जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच ड्रॉ रहा है। इसलिए भारत के अंक तो 40 हैं, लेकिन पीसीटी जैसा कि पहले ही बताया कि 61.90 का है। अगले महीने जब भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी, उसमें भारत के पास मौका होगा कि वो अपने पीसीटी में बढ़ोत्तरी कर सके।










