भारतीय महिला टीम ने दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन के बूते एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 46 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता साबित की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 134 रन बनाए और जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। 44 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के चार विकेट गिर चुके थे। वृंदा दिनेश 19 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि नंदीनी कश्यप और अनुष्का शर्मा ने 8-8 रन का योगदान दिया। मिनू मणी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं।
शुरुआती झटकों के बाद तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 113 के कुल स्कोर पर राधा यादव 30 गेंदों में 36 रन (1 छक्का, 3 चौके) बनाकर आउट हुईं।
तेजल हसबनीस ने आक्रामक अंदाज में अर्धशतक जड़ते हुए 34 गेंदों में 51 रन (2 छक्के, 3 चौके) बनाए। इन पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 134 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
बांग्लादेश की ओर से कप्तान फाहिमा खातून ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। फरजाना एसमिन और फातिमा जहान सोनिया को 1-1 विकेट मिला।
135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। विकेटकीपर शमिमा सुल्ताना ने 20 रन, सरमिन सुल्ताना ने 18 रन और कप्तान फहिमा खातून ने 14 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे पाए। पूरी टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से प्रेमा रावत ने 3 विकेट लेकर जीत की नींव रखी। सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने 2-2 विकेट झटके, जबकि सायमा ठोकर और मिनू मणी को 1-1 सफलता मिली।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने न केवल खिताब जीता, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपने संतुलित बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी आक्रमण का शानदार प्रदर्शन भी किया।










