आईपीएल चैंपियन आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल पर शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप

0
72

18 साल के इतिहास में पहली बार आईपीएल चैम्पियन बनने वाली रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (आरसीबी) का स्टार तेज गेंदबाज यश दयाल गाजियाबाद की एक युवती के शोषण के आरोप से मुश्किल में फंस गया है। युवती का आरोप है कि आरोपित तेज गेंदबाज ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया। पीड़िता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल आईजीआरएस पर शिकायत भी दर्ज कराई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम के सीओ से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस को आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत का समाधान करने के लिए 21 जुलाई तक का समय दिया गया है।

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने यश दयाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर शोषण करने का मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर पीड़िता ने 14 जून 2025 को महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने यह भी दावा किया कि यश दयाल ने उससे पैसे लिए थे और आरोप लगाया कि उसने कई अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया है। बयान में यह भी कहा गया है, ‘बाद में पता चला कि वह व्यक्ति अन्य लड़कियों के साथ भी इसी तरह के झूठे संबंधों में शामिल था।’

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पिछले 5 वर्षों से शिकायतकर्ता आरोपित क्रिकेटर के साथ रिलेशनशिप में थी। उस शख्स ने उसे शादी का झांसा देकर उसका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया। उसने शिकायतकर्ता को अपने परिवार से मिलवाया और पति की तरह व्यवहार किया, जिससे वह उस पर पूरी तरह से भरोसा करने लगी। आरोप है कि जब शिकायतकर्ता को धोखे का अहसास हुआ और उसने विरोध किया, तो उसके साथ शारीरिक हिंसा और मानसिक उत्पीड़न किया गया। रिलेशनशिप के दौरान शिकायतकर्ता का आर्थिक और भावनात्मक शोषण भी किया गया।’

शिकायत यह अनुरोध किया गया है कि मामले की त्वरित जांच की जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। यह कदम न केवल उनके लिए बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए भी महत्वपूर्ण है जो इस तरह के धोखेबाज रिश्तों का शिकार होती हैं। बता दें कि यश दयाल उत्तर प्रदेश की रणजी टीम के लिए खेलते हैं। उनका चयन आस्ट्रेलिया दौरे पर गई इंडिया ए टीम में भी हुआ था। फिलहाल यश दयाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

यश दयाल इससे पहले भी विवादों में घिर चुके हैं। जून 2023 में यश दयाल के इंस्टाग्राम से 2 स्टोरी शेयर की गईं थीं, जो कथित तौर पर लव जिहाद को लेकर थीं। बाद में यश दयाल ने कहा था, ‘मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट से 2 स्टोरी पोस्ट की गईं, लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि दोनों स्टोरी मैंने पोस्ट नहीं की थीं। इस मसले पर मैंने संबंधित विभाग में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।’

यश दयाल ने अपने सोशल मीडया अकाउंट पर लिखा था, ‘मेरा अकाउंट कोई इस्तेमाल कर रहा है। मैंने ऐसी कोई स्टोरी नहीं लगाई। मेरा मानना है कि मेरे अकाउंट से किसी अन्य शख्स ने ऐसा किया। बहरहाल, मेरी कोशिश है कि मेरे अकाउंट पर पूरी तरह मेरा नियंत्रण हो। इसके लिए मेरी कोशिशें लगातार जारी हैं।’

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here