यश दयाल पर रेप व पॉक्सो एक्ट के तहत लगे आरोपों के साक्ष्य जुटाने कानपुर के होटल पहुंची जयपुर पुलिस

0
195

कानपुर। उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज और आईपीएल चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी यश दयाल के खिलाफ रेप व पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज की गई एफआईआर के बाद आरोपों की जांच के लिए जयपुर पुलिस की एक टीम ने कानपुर में डेरा डाल रखा है। गौरतलब है कि दो दिन पहले जयपुर की एक नाबालिग लड़की ने यश दयाल पर क्रिकेट में कॅरिअर बनाने का झांसा देकर दो साल तक रेप करने का आरोप लगाया था। जयपुर की पुलिस ने इसी मामले की जांच के सिलसिले में शनिवार को कानपुर के दो होटलों में गहन पूछताछ की। एक होटल से तो पुलिस के हाथ कुछ सबूत भी लगने की चर्चा है।

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि कार्यालय थानाधिकारी पुलिस थाना सांगानेर सदर जयपुर दक्षिण की टीम ने शहर के सिविल लाइंस स्थित एक नामचीन होटल के मैनेजमेंट से यह जानकारी मांगी है कि क्या यश दयाल और पीड़िता के नाम पर दिसम्बर 2023 और जनवरी 2024 के दौरान कोई रूम बुक करवाया गया था या वे दोनों वहां ठहरे थे? यदि दोनों इस होटल में रुके थे तो होटल मैनेजमेंट उनके चेक इन और चेक आउट का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध करवाए। जयपुर से आई पुलिस टीम ने होटल से इन दोनों मेहमानों (यदि रुके थे तो) का पूरा नाम, पता, आईडी, बुकिंग का मोड, पेमेन्ट मोड व राशि का भी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने को कहा है।

बता दें कि इस मामले में यश दयाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों का कहना है कि जयपुर पुलिस सिर्फ सिविल लाइंस स्थित होटल ही नहीं पहुंची, बल्कि हर्ष नगर स्थित एक अन्य बड़े होटल में भी इसी मामले को लेकर आरोपित के खिलाफ साक्ष्य की तलाश करने गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here