देश के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक लखनऊ के इकाना स्टेडियम के बन जाने के बाद ग्रीनपार्क स्टेडियम हाशिए पर चला गया था लेकिन अपने 73 साल के इतिहास में पहली बार इसे किसी विदेशी टीम के खिलाफ तीन मैचों की पूरी सीरीज की मेजबानी का मौका मिल रहा है। दिक्कतों के बावजूद जब-जब ग्रीनपार्क को कोई मेजबानी मिलती है कनपुरिया दर्शक का जोश उसे हर बार सफल आयोजन बनाने में सबसे महत्वपूर्ण साबित होता रहा है। देश के अन्य अति आधुनिक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों के बीच अपने वजूद की जिंदगी के लिए जूझ रहे दुनिया के इस प्राचीनतम टेस्ट केन्द्र के लिए एक बार फिर दर्शकों की संख्या ही लाइफ सपोर्ट साबित हो सकती है।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले मैच के लिए भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की टीमें शनिवार को दोपहर बाद शहर पहुँचीं। टीम होटल में खिलाड़ियों का स्वागत भारतीय परंपरा के अनुसार किया गया। टीमों के स्वागत के समय रामधुन भी बजाई गई। उनके लिए आज का दिन आराम और स्थानीय आयोजनों के लिए था। दोनों टीमें रविवार 28 सितंबर और सोमवार 29 सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग लेंगी।
दोनों टीमें लखनऊ से बस से कानपुर आईं, जबकि भारतीय टीम के प्रभसिमरन, सिमरनजीत, प्रियांश आर्या, निशांत सिंधु दिल्ली से आई फ्लाइट से चकेरी एयरपोर्ट पर उतरकर लोकल टीम और यूपीसीए के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ होटल पहुंचे। टीमों के होटल पहुंचने पर उनके स्वागत के समय वेन्यु डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर भी मौजूद थे।
बांग्लादेश के खिलाफ पिछले साल सितम्बर में तमाम बाधाओं के बावजूद भारत को जीत दिलाने वाला यह मैदान एक बार फिर कसौटी पर खरा उतरने के लिए तैयार है। दर्शकों का उत्साह इस बार भी कम नहीं है। टीमों के शहर पहुंचने से पहले ही वे टीम होटल लैंडमार्क के आसपास बड़ी संख्या में जुट चुके थे। दरअसल ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम को इन दर्शकों का जोश ही पुनर्जीवन दे सकता है।
मैचों का कार्यक्रम:
पहला वनडे: 30 सितंबर
दूसरा वनडे: 3 अक्टूबर
तीसरा वनडे: 5 अक्टूबर










