लखनऊ : यूपीटी20 लीग में काशी रुद्रास का विजय रथ थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में रुद्रास ने बल्ले और गेंद दोनों मोर्चों पर दबदबा दिखाते हुए मेरठ मावरिक्स को 91 रनों से रौंद दिया।
करन शर्मा की तूफानी पारी ने रुद्रास को विशाल स्कोर तक पहुँचाया और उसके बाद कार्तिक यादव की फिरकी ने मावरिक्स की उम्मीदें तोड़ दीं।
काशी रुद्रास का जलवा, चौथी जीत से तालिका में शीर्ष पर कायम
पहले बल्लेबाजी करते हुए रुद्रास ने 20 ओवर में 224 रन बनाए। कप्तान करन शर्मा ने अकेले दम पर पारी की दिशा बदल दी। उन्होंने 53 गेंदों पर नाबाद 107 रन ठोक डाले, जिसमें 9 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। करन को उवैस अहमद का मजबूत साथ मिला।
उवैस ने 38 गेंदों पर 69 रन (7 छक्के, 3 चौके) ठोके और करन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी ने मावरिक्स को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावरिक्स की शुरुआत कमजोर रही। कप्तान रिंकू सिंह, जो पिछले मैच में शतक के हीरो थे, इस बार सिर्फ 1 रन बनाकर कार्तिक यादव का शिकार बने।
टीम को सलामी बल्लेबाज़ स्वस्तिक चिकार (58 रन) और यश गर्ग (30 रन) से थोड़ी राहत मिली, लेकिन यह पारी को संभालने के लिए नाकाफी रहा। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 133 रन ही बना पाई।
गेंदबाज़ी में कार्तिक यादव का जलवा देखने लायक रहा। उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 3 विकेट झटके और एक मेडन ओवर भी फेंका। रिंकू सिंह जैसा बड़ा विकेट भी उनके खाते में आया। वहीं आतल बिहारी ने भी 3/27 के आंकड़े के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मावरिक्स के लिए गेंदबाजी विभाग में सिर्फ विजय कुमार (2/15) असरदार साबित हुए, जबकि बाकी गेंदबाज बुरी तरह पिटे। लेग स्पिनर जीशान अंसारी सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 3 ओवर में 55 रन लुटाए।
इस धमाकेदार जीत से काशी रुद्रास ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल की और अंकतालिका में अपराजित बने रहे। दूसरी ओर मेरठ मावरिक्स चार मैचों में दूसरी हार के बाद पांचवें स्थान पर खिसक गए।
स्कोरकार्ड:
- काशी रुद्रास – 224/3 (20 ओवर): करन शर्मा 107* (53 गेंद, 9×6, 7×4), उवैस अहमद 69 (38 गेंद, 7×6, 3×4); विजय कुमार 2/15
- मेरठ मावरिक्स – 133/9 (20 ओवर): स्वस्तिक चिकार 58 (41 गेंद), यश गर्ग 30; कार्तिक यादव 3/10, आतल बिहारी 3/27










