लखनऊ। इकाना स्टेडियम में खेले गए यूपी टी20 लीग के पहले क्वालीफायर में काशी रुद्रास ने एकजुट प्रदर्शन के दम पर मेरठ मावरिक्स को 5 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया। यह मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांच से भरपूर रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में रुद्रास के गेंदबाजों ने संतुलन बनाए रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी रुद्रास ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 166 रन बनाए। कप्तान करण शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए 26 गेंदों पर 43 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (27) ने तेज़ शुरुआत दी, जबकि विकेटकीपर उवैस अहमद (28, तीन छक्के) ने मध्य ओवरों में तेजी लाई। मेरठ के गेंदबाजों में विशाल चौधरी और जीशांन अंसारी ने 3-3 विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजी को झकझोरा। 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावरिक्स की शुरुआत लड़खड़ाई। शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बाद स्वास्तिक चिकारा (25) और ऋतुराज शर्मा (65) ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
आखिर में कप्तान रिंकू सिंह ने 23 गेंदों पर 40 रन की आतिशी पारी खेलकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन आखिरी ओवरों में रुद्रास के गेंदबाजों ने वापसी कर मेरठ की पारी को 161/7 पर रोक दिया।
रुद्रास की ओर से शिवम मावी ने 2 विकेट लिए, जबकि शिवा, करण शर्मा, सुनील दुबे और अटल बिहारी राय ने 1-1 सफलता अर्जित की। राय ने 4 ओवर में केवल 25 रन देकर अहम विकेट चटकाया और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।
घरेलू मैदान पर चमके फॉल्कंस, लायंस का सफर खत्म
घरेलू मैदान का फायदा उठाते हुए लखनऊ फॉल्कंस ने बुधवार को खेले गए पहले एलिमिनेटर में गोरखपुर लायंस को 23 रन से शिकस्त दी। इस जीत ने न सिर्फ फॉल्कंस को टूर्नामेंट में टिकाए रखा बल्कि फाइनल की जंग को और रोमांचक बना दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए फॉल्कंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए। जवाब में गोरखपुर की टीम पूरी कोशिश के बावजूद 147 रन ही बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
अब लखनऊ फॉल्कंस गुरुवार को दूसरे क्वालीफायर में मेरठ मावेरिक्स से भिड़ेंगे। यह मुकाबला तय करेगा कि खिताबी मुकाबले में काशी रूद्रास को चुनौती देने का मौका मिलेगा।










