केएल राहुल को वनडे सीरीज में टीम इंडिया की कमान, बुमराह को दिया गया आराम

0
37

साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए कप्तान शुभमन गिल अनफिट होने की वजह से उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी अनुपस्थिति में टीम इंडिया की कमान केएल राहुल को सौंपी गई है। रविवार को तीन वन डे मुकाबलों की सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड की घोषणा कर दी गई है। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर प्लेयर्स को मौका मिला है।

भारतीय क्रिकेट टीम अभी साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टीम में युवा और अनुभवी प्लेयर्स को मौका मिला है। स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की लंबे समय बाद वापसी हुई है। भारतीय टीम के नियमित वनडे कप्तान शुभमन गिल इस सीरीज में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।

शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ गर्दन में ऐंठन का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए थे। फिर वह इसी कारण से दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। अब उनकी जगह कप्तानी केएल राहुल को मिली है। राहुल पहले भी टीम के लिए वनडे में यह भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने 12 वनडे मैचों में टीम के लिए कप्तानी की है, जिसमें से 8 में जीत दर्ज की है और चार में हार का सामना करना पड़ा है।

भारतीय स्क्वाड में श्रेयस अय्यर को भी मौका नहीं दिया गया है। वह अभी चोट से उबर रहे हैं। अब उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में तिलक वर्मा को मौका दिया जा सकता है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे से रेस्ट दिया गया है। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बुमराह अभी टी20 क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं। वहीं भारतीय-ए टीम के लिए अच्छी फॉर्म दिखाने वाले रुतुराज गायकवाड़ को वापस टीम में मौका दिया गया है।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच 30 दिसंबर को रांची के मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर के मैदान पर होगा। वहीं सीरीज का आखिरी और तीसरा वनडे मैच विशाखापट्टनम में 6 दिसंबर को होगा।

भारतीय टीम : रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here