केएस भरत और एसके रशीद ने नाक में दम किया, दिन के अंतिम ओवर में आकिब खान ने करवाई यूपी की वापसी

0
72

-आन्ध्र प्रदेश ने रणजी मुकाबले के पहले दिन 3 विकेट पर 289 रन बनाए
– केएस भरत ने खेली 142 रनों की पारी, रशीद शतक से 6 रन की दूरी पर
– दूसरे विकेट लिए भरत और रशीद के बीच 194 रनों की साझेदारी
– आकिब ने अंतिम ओवर में भरत और कप्तान रिकी भुई को चलता किया

कानपुर। दूसरी नई गेंद के साथ तेज गेंदबाज आकिब खान ने पारी के 86वें ओवर में सिर्फ 5 गेंदों में 2 विकेट निकालकर आन्ध्र प्रदेश के बल्लेबाजों की दिन भर की मेहनत पर डेंट लगा दिया, साथ ही बुधवार से शुरू हुए ग्रीनपार्क स्टेडियम में एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में यूपी को कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार सुकून के कुछ पल भी दिलवाए। टेस्ट क्रिकेटर और विकेट कीपर बल्लेबाज केएस भरत (142) के शानदार शतक और एसके रशीद की (नाबाद 94) के बीच दूसरे विकेट लिए हुई 194 रनों की साझेदारी से आन्ध्र प्रदेश की टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट खोकर 289 रन बना लिए थे।

कप्तान करन शर्मा ने अंतिम ओवर में नई गेंद लेने का जो फैसला लिया, वो यूपी को मैच में वापस लाने वाला साबित हुआ। आकिब खान के इस ओवर की शुरुआत हुई तब आन्ध्र प्रदेश का स्कोर 1 विकेट पर 287 रन था और ऐसा लग रहा था कि यह जोड़ी ही दूसरे दिन के खेल का आगाज करेगी। लेकिन दिन के अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर आकिब खान ने पहले केएस भरत को माधव कौशिक के हाथों कैच करवाया और फिर इसी ओवर में कप्तान रिकी भुई (2) को बोल्ड करके अपने ड्रेसिंग रूम का माहौल ही बदल दिया।

अंतिम ओवर की इन दो सफलताओं को छोड़ दें तो यूपी टीम के नये कप्तान और कोच के लिए रणजी सत्र का पहला दिन ड्रेसिंग रूम में खुशी के पलों के इंतजार में ही बीत गया था। यूपी के गेंदबाज दिन भर विकेट के लिए तरसते रहे। वे लगभग 60 ओवर के खेल में एक भी विकेट नहीं गिरा पाए थे। यूपी के गेंदबाजों के हाथ सिर्फ एक ही सफलता लगी थी। केएस भरत और एसके रशीद के बीच दूसरे विकेट लिए हुई साझेदारी ने पहले ही दिन आन्ध्र प्रदेश को सुखद स्थिति में ला खड़ा किया। भरत ने 142 रनों की पारी के दौरान 244 गेंदें खेलीं और 13 चौके लगाए, जबकि शतक की दहलीज पर खड़े रशीद ने 197 रनों का सामना करते हुए 8 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।

पिछले सीजन में तत्कालीन कोच सुनील जोशी ने टीम मैनेजमेंट के सामने अपने सभी घरेलू मैच लखनऊ में करवाने की जिद की थी। लेकिन उसका यूपी टीम को कोई फायदा नहीं मिला था। टीम प्वाइंट टेबल में सिर्फ एक जीत के साथ सातवें नम्बर पर रही थी। इस बार यूपीसीए ने घरेलू मैचों को दोनों शहरों में करवाने का फैसला लिया है। अभी तक के खेल में टॉस की भूमिका ही खास बनती दिखी है।

इससे पहले आन्ध्र प्रदेश के कप्तान रिकी भुई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए मुफीद दिख रहे विकेट पर पहले खुद विकेट पर जाने का फैसला लिया। मेहमान टीम ने अच्छी शुरुआत की। केएस भरत और अभिषेक रेड्डी (36) ने 93 रनों की साझेदारी कर मजबूत नीव रखी। इसी स्कोर पर स्पिनर विप्रज निगम ने अभिषेक रेड्डी के रूप में इस रणजी सीजन में अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने रेड्डी को आर्यन जुयाल के हाथों लपकवाया। इस सफलता के बाद मेजबान गेंदबाज पूरे दिन विकेट के लिए तरसते रहे। मैच में यूपी के लिए क्या गुंजाइश बनेगी यह दूसरे दिन के खेल से साफ हो जाने की संभावना है। यूपी के नए कप्तान करन शर्मा ने पहले दिन छह गेंदबाज इस्तेमाल किए। अंतत: भरत और रशीद की जोड़ी को तोड़ने में अंतिम ओवर में सफलता मिली।

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here