-यूएई को नौ विकेट से रौंदने वाले भारत की एशिया कप में विस्फोटक शुरुआत
-कुलदीप यादव ने 13 गेंदों पर यूएई के चार विकेट गिराए, शिवम दुबे को तीन विकेट
टेस्ट टीम में लगातार उपेक्षित चल रहे चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपनी सारी भड़ास एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में यूएई के खिलाफ निकाल दी। प्लेयर ऑफ द मैच कुलदीप ने सिर्फ 13 गेंदों में चार विकेट लेकर टीम इंडिया को यूएई पर नौ विकेट से जीत दिलाने मुख्य भूमिका निभाई। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (संयुक्त अरब अमीरात) में बुधवार को खेले गए ग्रुप ए के इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली यूएई की टीम कुलदीप यादव और शिवम दुबे की गेंदबाजी के सामने केवल 57 रनों पर ढेर हो गई। इसके जवाब में 58 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पावरप्ले में ही सिर्फ एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। यह टी-20 मुकाबलों में भारत की सबसे विस्फोटक जीत रही। यूएई की टीम केवल 13.1 ओवर ही खेल सकी। इस तरह यह मुकाबला सिर्फ 17.4 ओवर तक ही चला।
जसप्रीत बुमराह ने पारी के चौथे ओवर में आलीशान शराफु को 140 किमी की रफ्तार से डाली यॉर्कर पर बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई थी। इसके बाद अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर में मोहम्मद जोहैब को पवेलियन भेजा। कुलदीप यादव पावरप्ले के बाद गेंदबाजी के लिए आए और अपने दूसरे ही ओवर में उन्होंने तीन बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेज यूएई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कुलदीप ने 2.1 ओवर में 7 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे ने 2 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट लिए।
यूएई के लिए सलामी जोड़ी को छोड़ कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। कुलदीप ने यूएई के ऊपरी और मध्य क्रम को तबाह किया, वहीं शिवम दुबे ने तीन विकेट लेकर यूएई के निचले क्रम को पवेलियन भेजा। यूएई के अंतिम आठ विकेट सिर्फ 10 रन के अंतराल पर गिरे।
कुलदीप ने एक ही ओवर में हासिल किए तीन विकेट
यूएई की टीम के खिलाफ कुलदीप यादव 9वां ओवर करने आए। उन्होंने आते ही अपना जलवा दिखाया और ओवर की पहली गेंद पर ही राहुल चोपड़ा को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने एक रन दिया और तीसरी गेंद डॉट रही। फिर चौथी गेंद पर यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम उनकी गेंद को समझ नहीं पाए और आउट हो गए, जबकि वह काफी देर से क्रीज पर जमे हुए थे। इसके बाद पांचवीं गेंद पर दो रन बने। फिर आखिरी गेंद पर कुलदीप ने हर्षित कौशिश को आउट कर दिया। इस तरह से उन्होंने ओवर में तीन विकेट हासिल किए।
58 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को उनके नई सलामी जो़ड़ी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले दो ओवर में ही 25 रन जोड़ डाले, जिसमें दोनों का एक-एक चौका और एक-एक छक्का शामिल था। अभिषेक ने 16 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 30 रनों की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद तो महज औपचारिकता बची थी, जिसे भारत के कप्तान और उपकप्तान ने आसानी से पूरा कर लिया।










