-रिषभ पंत के बल्ले से निकला शतक, भारत के खराब क्षेत्ररक्षण के चलते इंग्लैंड ने भी दिया करारा जवाब
-इंग्लैंड ने पहली पारी में अभी भी भारत से 262 रन पीछे
– भारत ने अंतिम 7 विकेट सिर्फ 41 रनों पर खोए, बेन स्टोक्स और जोश टंग ने 4-4 विकेट लिए
भारत ने हेडिंग्ले ग्राउंड पर दूसरे दिन रिषभ पंत के शतक (134) से पहली पारी में 471 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में ऑली पोप के नाबाद शतकीय प्रहार (100) से काफी मजबूती से आगे बढ़ रही इंग्लैंड की टीम ने तीन विकेट खोकर 209 रन बना लिए थे। हालांकि बुमराह ने जो रूट का विकेट लेकर अंतिम क्षणों में भारत की वापसी करवा दी। इंग्लैंड की पारी में गिरे तीनों विकेट जसप्रीत बुमराह के नाम रहे। इंग्लैंड की टीम अभी भी भारत की पहली पारी से 262 रन पीछे हैं। भारतीय क्षेत्र रक्षकों ने यदि सारे कैच पकड़े होते तो शाम को मैच की कुछ और कहानी होती। सचिन तेंदुलकर-जेम्स एंडरसन के ट्रॉफी के लिए खेली जा रही पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स के मैदान पर खेला जा रहा है।
खेल के अंतिम क्षणों में भारतीय तेज गेंदबाजी के बादशाह जसप्रीत बुमराह ने जो रूट (28) का प्राइज विकेट लेकर दूसरे दिन के खेल की शाम को अपनी टीम के लिए सुहावना जरूर बना दिया। रूट को बुमराह ने पहली स्लिप पर करुण नायर के हाथों कैच कराया। नए बल्लेबाज हैरी ब्रुक का विकेट भी बुमराह ने दिन के अंतिम ओवर में निकाल लिया होता लेकिन यह नो बॉल हो गई। इंग्लैंड ने जैक क्राउली (4) का विकेट जल्दी खो दिया था। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने पारी के पहले ही ओवर में स्लिप पर करुण नायर के हाथों कैच करवाया। लेकिन इस झटके के बावजूद भारतीय क्षेत्ररक्षकों के कई कैच छोड़ने से इंग्लैंड की पारी संभल गई। बेन डकेट (62) और ऑली पोप की बल्लेबाजी से उसने भी करारा जवाब दिया। इससे पहले भारत की पहली पारी एक समय 3 विकेट पर 430 रनों के स्कोर पर काफी मजबूत नजर आ रही थी लेकिन इसके बाद सिर्फ 41 रनों के भीतर उसकी पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम इंडिया के लिए पहले दिन सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल और कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतकों की मदद से तीन विकेट पर 359 रनों का स्कोर खड़ा किया था। दूसरे दिन रिषभ पंत के बल्ले से भी शतक निकला, जिससे भारतीय पारी को और विस्तार मिला। जब गिल और पंत खेल रहे थे तब लग रहा था कि भारतीय टीम 500 का स्कोर आसानी से पार कर लेगी। लेकिन गिल (147) के आउट होने के बाद भारतीय पारी का पतन तेजी से हो गया।
टेस्ट क्रिकेट में ऐसा काफी कम ही देखने को मिला है, जब किसी टीम की एक पारी में तीन बल्लेबाज शतक लगाने में कामयाब हो सके। टीम इंडिया की तरफ से लीड्स टेस्ट मैच की पहली पारी में तीन प्लेयर्स शतक लगाने में तो कामयाब रहे लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम की पहली पारी 471 रनों के स्कोर पर सिमट गई। इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में तीन व्यक्तिगत शतक लगने के बावजूद सबसे कम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अब भारतीय टीम के नाम पर दर्ज हो गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम पर था। साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका टीम के तीन प्लेयर्स ने शतक लगाए थे, लेकिन उनकी पहली पारी 475 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी।
जोश टंग और बेन स्टोक्स ने लिए 4-4 विकेट
भारतीय टीम की पहली पारी लीड्स टेस्ट मैच में एक समय 500 के स्कोर के पार जाती हुई दिख रही थी, लेकिन जब 430 के स्कोर पर टीम इंडिया को कप्तान शुभमन गिल के रूप में चौथा झटका लगा। अंतिम 7 विकेट केवल 41 रनों पर गिर गए। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में पहली पारी में उनके कप्तान बेन स्टोक्स और जोश टंग ने जहां 4-4 विकेट हासिल किए तो वहीं ब्राइडन कार्स और शोएब बशीर भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।










