भारत जब जीत की तरफ बढ़ रहा था तब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को लगा कि मैच हाथ से निकल सकता है। इसके बाद उन्होंने चोटिल शोएब बशीर को बुलाया और उन्होंने अपना काम बखूबर कर दिखाया। बशीर ने मोहम्मद सिराज का विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिला दी थी। अब घायल शोएब बशीर सीरीज के बाकी दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जुलाई 2017 में अपना अंतिम टेस्ट खेलने वाले लियाम डॉसन ने ली है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने चौथे टेस्ट के लिए अपनी अंतिम एकादश की घोषणा कर दी है। इसमें सिर्फ एक परिवर्तन किया गया है। चोटिल बशीर की जगह डॉसन को टीम में शामिल किया गया है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही 5 टेस्ट की सीरीज का चौथा मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू हो रहा है।
शोएब बशीर पहली पारी में हुए थे चोटिल
शोएब बशीर भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में रवींद्र जडेजा का कैच पकड़ने के प्रयास में अपनी अंगुली चोटिल कर बैठे थे। इसके बाद वह ग्राउंड से बाहर चले गए थे और उनका ओवर जो रूट ने पूरा किया था। पहली पारी में उन्होंने 14.5 ओवर्स की गेंदबाजी की थी। 59 रन देकर उन्होंने एक विकेट भी चटकाया था। इसके बाद दूसरी पारी में जब इंग्लैंड की टीम को विकेट नहीं मिल रहा था, तब उन्हें देर से ग्राउंड में बुलाया गया।
दूसरी पारी में सिराज का चटकाया विकेट
दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज के बीच 10वें विकेट के लिए 23 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। भारतीय टीम जीत से 22 रन दूर थी, तभी उन्होंने सिराज को आउट कर दिया। अब इंग्लैंड को जीत दिलाने के बाद वह बाहर हो गए हैं। एरढठ क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी अंगुली में फ्रैक्चर है। इसी वजह से वह आगे नहीं खेल पाएंगे।
शोएब बशीर अब तक ले चुके हैं 68 टेस्ट विकेट
20 साल के शोएब बशीर ने इंग्लैंड के लिए साल 2024 में टेस्ट में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 19 टेस्ट मैचों में 68 विकेट चटकाए हैं, जिसमें चार बार पांच विकेट हॉल शामिल है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। 34 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम पर 87 विकेट दर्ज हैं।
लियाम डॉसन ने भारत के खिलाफ ही किया था डेब्यू
इस बीच ईसीबी की ओर से ऐलान किया गया है कि शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को टीम में शामिल किया गया है। लियाम डॉसन ने साल 2016 में भारत के ही खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। तब ये मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा था। साल 2016 में डेब्यू कर लियाम डॉसन ने अपना आखिरी मैच साल 2017 जुलाई में ही खेल लिया था। इसके बाद अब उनकी एक बार फिर से वापसी हुई है। यानी करीब आठ साल बाद लियाम डॉसन की टेस्ट में वापसी हो रही है। खास बात ये है कि वे उसी भारतीय टीम के खिलाफ उतरेंगे, जिसके खिलाफ उन्होंने डेब्यू किया था। हालांकि अभी चौथे टेस्ट में वक्त है।
अब तक तीन टेस्ट खेलकर 7 विकेट ले चुके
लियाम डॉसन का नाम भारतीय फैंस ने शायद ज्यादा नहीं सुना होगा। लेकिन वे अब तक तीन टेस्ट खेलकर 7 विकेट ले चुके हैं। अब तक इंग्लैंड के लिए उन्होंने 6 वनडे में 5 विकेट लिए हैं। इतना ही नहीं, 14 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर उन्होंने 11 विकेट चटकाने का काम किया है।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड क्रिकेट टीम का ऐलान: बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्से, जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, ओली पोप, जेमी ओवरटन, जोश टंग, क्रिस वोक्स।










