मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अद्भुत नजारा था। जब लियोनेल मेसी और सचिन तेंदुलकर आमने-सामने आए तो यह किसी खेल प्रेमी के लिए ड्रीम कम ट्रू मोमेंट जैसा था। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी इस वक्त भारत दौरे पर हैं। मेसी अपने भारत दौरे के दूसरे चरण के तहत मुंबई पहुंचे। यहां हुए इवेंट में मेसी ने बॉलीवुड की तमाम हस्तियों और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। साथ ही वो फुटबॉल दिग्गज सुनील छेत्री से भी मिले। इस दौरान वह डी पॉल और लुइस सुआरेज के साथ मिलकर कुछ बच्चों के साथ रोंडो खेलते हुए नजर आए।
सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया की अपनी जर्सी मेसी को गिफ्ट की
सचिन तेंदुलकर ने इस मुलाकात के दौरान अपनी टीम इंडिया की जर्सी लियोनल मेसी को गिफ्ट दी। इसमें सचिन का ऑटोग्राफ था। मेसी और सचिन ने साथ में फोटो खिंचवाई। इसके बाद मेसी ने सचिन तेंदुलकर को एक फुटबॉल गिफ्ट में दी। इससे पहले लियोनेल मेसी भारत के स्टार फुटबॉल प्लेयर सुनील छेत्री से मिले। इन दोनों को देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में फैंस का सैलाब देखने को मिला था।
तेंदुलकर ने कहा, मैंने यहां कुछ अविश्वसनीय पल बिताए हैं
तेंदुलकर ने इस कार्यक्रम के दौरान फैंस को कहा कि मैंने यहां कुछ अविश्वसनीय पल बिताए हैं। इस स्टेडियम में मेरे कई सपने पूरे हुए हैं। आपके सपोर्ट के बिना हम 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में इस मैदान पर वे सुनहरे पल कभी नहीं देख पाते। उन्होंने कहा कि और आज इन तीनों का यहां होना वास्तव में मुंबई, मुंबईवासियों और भारत के लिए एक सुनहरा पल है।










