लार्ड्स टेस्ट : इंग्लैंड पहली पारी 387-भारत पहली पारी 387, केएल राहुल का शतक

0
62

-इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने एक ओवर से बचने के लिए खेल भावना को ताक पर रखा
– कप्तान शुभमन गिल व अन्य भारतीय खिलाड़ी मेजबान खिलाड़ियों के समय बर्बाद करने पर उखड़े

लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच के तीसरे दिन रोमांचक खेल देखने को मिला। दोनों टीमें अपनी पहली पारी में 387-387 रन के समान स्कोर पर आउट हो गईं और किसी टीम को पहली पारी में बढ़त नहीं मिल सकी। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में एक ओवर के खेल में बगैर विकेट खोए 2 रन बना लिए थे। दोनों ने जैक क्राउली के बल्ले से बने। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही इस सीरीज में शनिवार को खेल के अंतिम लम्हों में इंग्लैंड की सलामी जोड़ी के खेल भावना के विपरीत व्यवहार ने माहौल में कड़ुआहट घोल दी।

अंग्रेज खिलाड़ियों से हुई बहस

दूसरी पारी में सिर्फ एक ओवर खेलने से बचने के लिए इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली ने जसप्रीत बुमराह के ओवर में कई बार बिना खास वजह के खेल को धीमा करने का प्रयास किया। उनकी इस हरकत से परेशान भारतीय कप्तान शुभमन गिल समेत अन्य खिलाड़ियों की जैक क्राउली और बेन डकेट से बहस हो गई। काफी समय बुमराह के ओवर में ही खराब हो जाने का परिणाम यह निकला कि इंग्लैंड की दूसरी पारी में भारत सिर्फ एक ओवर ही गेंदबाजी कर सका।

लॉर्ड्स पर केएल राहुल का दूसरा शतक

यह मैच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387 रन बनाए, इसके जवाब में भारतीय टीम भी पहली पारी में 387 रन ही बना सकी। भारत की ओर से केएल राहुल ने सर्वाधिक 100 रन बनाए। यह लार्ड्स के मैदान पर उनका दूसरा शतक था। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने तीन विकेट झटके। वहीं दूसरी पारी में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज दिन का खेल खत्म करने के लिए उतावले थे और लगातार समय बर्बाद कर रहे थे। जिसके कारण भारतीय कप्तान और अन्य खिलाड़ियों के साथ उनकी नोंकझोक भी हुई।

रिषभ पंत 74 रन बनाकर रन आउट हुए

तीसरे दिन लंच ब्रेक से ठीक पहले के अंतिम ओवर में ऋषभ पंत 112 गेंद में शानदार 74 रनों की पारी खेलने के बाद एक गैर जरूरी रन लेने के प्रयास में अपना विकेट थ्रो कर आए। वे कप्तान बेन स्टोक्स के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। पंत ने 112 गेंदों पर दो छक्कों और 8 चौक्कों की मदद से अपनी अर्द्धशतकीय पारी खेली। राहुल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 198 गेंद में 141 रन की साझेदारी का ही नतीजा था कि भारत इंग्लैंड के स्कोर की बराबरी कर सका। केएल राहुल (100 रन) लॉर्ड्स में अपना दूसरा शतक लगाने के बाद शोएब बशीर की गेंद पर स्लिप में हैरी ब्रुक के हाथों कैच हो गए। राहुल ने 177 गेंदों पर 13 चौक्कों की मदद से साफ सुथरी शतकीय पारी खेली।

जडेजा ने 72 रन बनाए,अंतिम 4 विकेट 11 रनों पर गिरे

इसके बाद रविन्द्र जडेजा और नितीश रेड्डी के बीच छठे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी लगी। नीतीश रेड्डी बेन स्टोक्स की गेंद पर 91 गेंद में 30 रन बनाकर विकेट के पीछे जेमी स्मिथ को एज देकर पवेलियन लौटे। रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए 50 जोड़े। लेकिन इसके बाद भारत ने सिर्फ 11 रन के भीतर अपने चारों शेष विकेट खो दिए। जडेजा जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 376 रन था। जडेजा वोक्स के शिकार बने। वह 131 गेंद में एक छक्के और 8 चौक्के जड़ 72 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आकाशदीप (7), बुमराह (00) और वाशिंगटन सुंदर (23) रन बनाकर आउट हो गए। जोफ्रा आर्चर ने वॉशिंगटन सुंदर को आउट करके भारत की पारी का अंत किया। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स ने तीन, जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने 2-2 विकेट लिए।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here