लॉर्ड्स टेस्ट : भारत ने इंग्लैंड के बैजबॉल क्रिकेट की बैंड बजाई, रूट 37वें शतक से एक रन दूर

0
49

– इंग्लैंड ने पहली पारी में 4 विकेट पर 251 रन बनाए, इंग्लैंड के बैजबॉल दौर की सबसे धीमी बल्लेबाजी

इंग्लैंड ने बैजबॉल दौर की सबसे धीमी बल्लेबाजी करते हुए भारत के खिलाफ लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2024-25 के तीसरे टेस्ट में सधी हुई शुरुआत कर पहले दिन स्टम्प तक 4 विकेट पर 251 रन बना लिए थे। धाकड़ बल्लेबाज जो रूट (99) अपने 37वें शतक से सिर्फ एक रन की दूरी पर नाबाद हैं, जबकि उनके साथ कप्तान बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड ने पहली पारी में कुछ उपयोगी साझेदारियों की मदद से अपने स्कोर को बड़ा आकार देने के लिए प्लेटफॉर्म तैयार कर लिया है।

भारतीय सीमर्स से घबरा विकेट से घास हटवा दी मेजबान ने

इंग्लैंड के इस मैदान पर तीन दिन पहले जो हरी घास दिख रही थी उसे मैच से पहले साफ कर विकेट को बल्लेबाजी के अनुकूल बना दिया गया। संभवत: ऐसा बुमराह की इस मैच में वापसी और आकाश दीप व सिराज को पिछले मैच में मिली सफलता को देखते हुए किया गया। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला कर काफी संभल कर शुरुआत की। भारत के तेज आक्रमण को शुरुआत में विकेट के लिए संघर्ष करना पड़ा। खासकर एक मैच के रेस्ट के बाद वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह, पिछले मैच में 10 विकेट लेने वाले आकाश दीप और दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज बल्लेबाजों पर खास दबाव न बना सके।

 नितीश रेड्डी आए काम, लौटाया सलामी जोड़ी को

पहली पारी में इंग्लैंड के लिए बेन डकेट (23 रन) और जैक क्राउली (18 रन) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी की। बुमराह, आकाश और सिराज ने रनों पर जरूर अंकुश लगा रखा था लेकिन भारत के विकेट की तलाश ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने पूरी की। उन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर हलचल मचा दी। लेकिन यहां से जो रूट और ओली पोप ने शतकीय पार्टनरशिप (109) कर इंग्लैंड की पारी को संभाल लिया है। इस दौरान रूट ने भारत के खिलाफ शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 102 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 3000 हजार रन भी पूरे कर लिए।

चाय ब्रेक के बाद रूट और स्टोक्स ने संभाला इंग्लैंड को

चाय के ब्रेक के बाद इंग्लैंड ने ओली पोप और हैरी ब्रुक के विकेट खोए। ओली पोप (44) को जडेजा ने घायल रिषभ पंत की जगह विकेट कीपर कर रहे ध्रुव जुरेल के हाथों कैच करवाया, जबकि हैरी ब्रुक (11) को बुमराह ने क्लीन बोल्ड करके इस मैच में अपना पहला विकेट लिया। जो रूट ने संयमित पारी खेलते हुए 191 गेंदों पर 9 चौक्कों की मदद से नाबाद पारी खेली है। इस विकेट पर गेंद ठीक से बल्ले पर आ नहीं रही है, इसलिए बड़े शॉट खेलने का जोखिम भारी पड़ सकता है। संभवत: इसीलिए इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने बैजबॉल क्रिकेट छोड़कर परंपरागत क्रिकेट खेला। जो रूट इस विकेट पर परफेक्ट अंदाज में बल्लेबाजी करते दिखे।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11 में एक-एक बदलाव

दोनों देशों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया था, जिसमें मेजबान टीम ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार कमबैक करते हुए एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड को 336 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबर कर ली। अब यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण बन गया है। बता दें कि इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11 में एक-एक बदलाव हुआ। जसप्रीत बुमराह पिछले मुकाबले में रेस्ट के बाद लॉर्ड्स टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग-11 में लौटे। बुमराह ने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह ली। दूसरी ओर जोफ्रा आर्चर को जोश टंग की जगह इंग्लैंड की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। इस मैदान पर भारतीय टीम ने 19 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उसे केवल तीन में जीत मिली, जबकि 12 मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का भी सामना करना पड़ा। चार मुकाबले ड्रॉ पर छूटे। अच्छी बात यह है कि जब भारत ने इस ग्राउंड पर पिछली बार इंग्लैंड के खिलाफ 151 रनों से जीत हासिल की थी। वो मुकाबला अगस्त 2021 में खेला गया था।

इंग्लैंड और भारत लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर अब तक

कुल टेस्ट मैच: 19
भारत ने जीते: 3
इंग्लैंड ने जीते: 12
ड्रॉ: 4

इंग्लैंड का रिकॉर्ड (लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड)
कुल टेस्ट मैच: 145
इंग्लैंड ने जीते: 59
इंग्लैंड ने हारे: 35
ड्रॉ: 51

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here