– बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंचा तीसरा टेस्ट, चौथे दिन 250 रनों पर 14 विकेट गिरे
-वाशिंगटन सुंदर ने दिखाया जीत का रास्ता लेकिन दूसरी पारी में भारत लड़खड़ाया
– 193 के छोटे से लक्ष्य के सामने भारत के चार बल्लेबाज सिर्फ 58 रन पर पवेलियन लौटे
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड और भारत के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का तीसरा मैच बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही सीरीज में इस मैच के अंतिम दिन भारत को जीत के लिए चाहिए सिर्फ 135 रन, जबकि मेजबान टीम को सिर्फ 6 विकेटों की जरूरत है। इसके बावजूद यह दावा नहीं किया जा सकता कि ऊंट किस करवट बैठेगा। मैच पूरी तरह से खुला हुआ है और कोई भी टीम इस मुकाबले को जीतकर 2-1 की बढ़त के साथ आगे जा सकती है। लेकिन यह इससे तय होगा कि दोनों टीमों में से कौन सी टीम पहले अपने लक्ष्य तक पहुंचती है। फिलहाल यह रहस्य पांचवें दिन के खेल में जा छिपा है। पूरी तरह साफ है कि इस टेस्ट के अंतिम दिन का खेल दोनों टीमों के लिए तमाम अनिश्चितताओं को लेकर शुरू होगा।
चौथे दिन का विकेट का व्यवहार एकदम अलग रहा
मैच के चौथे दिन विकेट का व्यवहार पहले तीन दिनों से बिल्कुल जुदा रहा। विकेट से सीमर्स को भी मदद मिली और स्पिनर्स को भी। परिणाम यह रहा कि गेंदबाजों ने जमकर जश्न मनाया, जबकि बल्लेबाजों को रन बनाने और अपना विकेट बचाने के लिए पूरे दिन जूझना पड़ा। रविवार को चौथे दिन दोनों टीमों के कुल मिलाकर 14 विकेट गिरे, जबकि इस दौरान केवल 250 रन ही बने। भारतीय गेंदबाजों खासकर मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर की गेंदों ने इंग्लिश बल्लेबाजों की अंतिम दिन खूब परीक्षा ली।
भारत की दूसरी पारी लड़खड़ाई
भारत को जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य मिला। लेकिन चौथे दिन स्टम्प के समय तक दूसरी पारी में उसके नाइट वाचमैन आकाश दीप समेत 4 विकेट केवल 58 रन पर गिर चुके थे। राहत की बात यह है कि सलामी बल्लेबाज के एल राहुल 33 रन बनाकर अभी भी क्रीज पर डटे हुए हैं। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही है। टीम ने पांच के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया। यशस्वी ने गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर एक तरह से अपना विकेट थ्रो कर दिया। दूसरी पारी में भी जोफ्रा आर्चर ने ही उन्हें आउट किया। यशस्वी खाता तक नहीं खोल सके। करुण नायर एक बार फिर फ्लॉप रहे। वह 33 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए।
पहले दो टेस्ट मैचों की रन मशीन शुभमन गिल भी नहीं चले
अब सारी उम्मीदें कप्तान शुभमन गिल पर टिक गई थीं। लेकिन आज वह बल्लेबाजी में अपने पहले दो टेस्ट जैसे टच में नहीं दिे। वह महज 6 रन बनाकर कार्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए, जबकि बेन स्टोक्स ने दिन के अंतिम ओवर में आकाशदीप को क्लीन बोल्ड करके भारत को चौथा झटका दिया। भारत को जीत के लिए मैच के पांचवें दिन 135 रन चाहिए, जबकि इंग्लैंड को 6 विकेट। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स ने दो, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर को 1-1 विकेट मिला।
वाशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी
एक समय 154 पर 4 विकेट के साथ सम्मान जनक स्कोर खड़ा करने की जद्दोजहद कर रही पूरी इंग्लिश टीम वाशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी के सामने 192 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में भी जो रूट ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। भारत की ओर से ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट झटके, जबकि दो-दो बुमराह और सिराज, जबकि एक-एक नितीश कुमार रेड्डी और आकाश दीप ने लिए। इंग्लैंड और भारत दोनों ने पहली पारी में 387 रन बनाए थे।
वाशिंगटन सुंदर ने रूट का विकेट लेकर मैच का रुख पलटा
तीसरे मैच के चौथे दिन मोहम्मद सिराज ने बेन डकेट को आउट करके इंग्लैंड को पहला झटका दिया। सिराज ने ओली पोप को भी अपना शिकार बनाया। बेन 12 और ओली पोप 4 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश रेड्डी ने जैक क्रॉउली को पवेलियन भेजा। क्रॉउली ने 22 रन बनाये। हैरी ब्रुक को आकाश दीप ने अपना शिकार बनाया। ब्रुक ने 19 गेंद में 23 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को बोल्ड कर मैच का रुख भारत के पक्ष में पलट दिया।
वाशिंगटन सुंदर ने रूट, स्मिथ और स्टोक्स को लौटाया
सुंदर ने रूट के बाद इस सीरीज में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले जेमी स्मिथ को भी क्लीन बोल्ड कर दिया। स्मिथ ने 14 गेंद में 8 रन बनाए। कप्तान बेन स्टोक्स जो कि 33 रन बनाकर एक छोर ब्लॉक किए हुए थे, अगली बारी उनकी थी। सुंदर ने ही स्टोक्स को भी पवेलियन भेजा। पहली पारी में अर्द्धशतकीय पारी खेलने वाले ब्रायडन कार्स इस बार एक ही रन बना सके। उन्हें बुमराह ने पवेलियन भेजा। बुमराह ने ही क्रिस वोक्स (10) को भी आउट किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने शोएब बशीर (2) को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया। जोफ्रा आर्चर 5 रन बनाकर नाबाद लौटे।










