शुभमन गिल, रविन्द्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के शतक से मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ, जीत के लिए मन मसोस कर रह गए अंग्रेज

0
96

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के अंतिम दिन भारतीय बल्लेबाज खूब लड़े और कप्तान शुभमन गिल के बाद रविन्द्र जडेजा व वाशिंगटन सुंदर के शतकों की मदद से मैच को सम्मानजनक तरीके से ड्रॉ करवा लिया। लंच तक केएल राहुल और शुभमन गिल के विकेट खोने के बाद एक समय इंग्लैंड के खिलाड़ी इस टेस्ट के साथ सीरीज में जीत के लिए आश्वस्त नजर आ रहे थे। लेकिन रविन्द्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने विकेट पर अंगद की तरह जब पांव जमाए तो अंग्रेज खिलाड़ी जीत के लिए मन मसोस कर रह गए।

वाशिंगटन सुंदर और रविन्द्र जडेजा के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 203 रनों की अटूट साझेदारी ने इंग्लिश गेंदबाजों को पस्त कर दिया। मैच ड्रॉ घोषित किए जाने के समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 425 रन था और जडेजा 107 और सुंदर 101 रन बनाकर नाबाद थे। हालांकि इंग्लैंड की टीम अभी भी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-2 से आगे है। इस ड्रॉ मुकाबले के बाद सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट अब और रोमांचक हो गया है, जो कि 31 जुलाई से केनिंगटन ओवल, लंदन में खेला जाएगा।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 669 रन बनाए थे और 311 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। पहले सत्र में भारतीय टीम शुभमन गिल और केएल राहुल के विकेट गंवाकर काफी मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन सुंदर और जडेजा ने शेष दो सत्रों के खेल में अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को संकट से बखूबी निकाल लिया।

केएल राहुल शतक पूरा करने से चूक गए और 90 के स्कोर पर बेन स्ट्रोक्स का शिकार बने। इसके बाद शुभमन गिल ने सीरीज का अपना चौथा शतक पूरा किया। उन्होंने 238 गेंदों पर 12 चौक्कों की मदद से 103 रन बनाए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने विकेट के पीछे जेमी स्मिथ के हाथों कैच करवाया। लेकिन यह इंग्लैंड के लिए अंतिम सफलता रही। दूसरी पारी में जडेजा ने अपने टेस्ट कॅरिअर का 5वां शतक पूरा किया। इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले जडेजा दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय हैं। जडेजा ने अपने शतकीय पारी के दौरान 185 गेंदों का सामना करते हुए एक छक्का और 13 चौक्के जड़े। दूसरी ओर वाशिंगटन सुंदर ने अपनी शतकीय पारी 206 गेंदों पर एक छक्के और 9 चौक्कों की मदद से पूरी की।

भारतीय टीम के लिए ऐसा पहली बार हुआ है, जब तीन बल्लेबाजों ने तीसरी पारी में शतक लगाए हैं। इनमें शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा के नाम शामिल हैं। वहीं अभी तक चौथी पारी में भी तीन भारतीय बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाए हैं। भले ही चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया हो, लेकिन भारतीय टीम अभी भी सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही है। अब दोनों टीमों के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच 31 जुलाई से खेला जाएगा। इसमें अगर टीम इंडिया जीत दर्ज कर लेती है, तो वह सीरीज में बराबरी हासिल कर लेगी। मैनचेस्टर में गिल 103 रन बनाकर आउट हुए। इस शतकीय पारी के साथ ही गिल ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान यह डेब्यू टेस्ट सीरीज है। इस सीरीज में वह 4 शतक लगा चुके हैं और गिल डेब्यू टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तान बन गए हैं।

डेब्यू टेस्ट सीरीज में कप्तान के तौर सबसे ज्यादा शतक वारविक आर्मस्ट्रांग, ब्रैडमैन, ग्रेग चैपल, विराट कोहली और स्टीवन स्मिथ ने लगाए थे। इन सभी प्लेयर्स के नाम डेब्यू टेस्ट सीरीज में 3 शतक दर्ज हैं। वहीं शुभमन गिल ने कप्तान बनने के बाद अपने पहले ही टेस्ट सीरीज में इतिहास रच दिया है। वह इस सीरीज में चार शतक की बदौलत 700 से अधिक रन बना चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने मैनचेस्टर में 35 साल के सूखे को खत्म किया है।

मैनचेस्टर में गिल से पहले आखिरी शतक सचिन तेंदुलकर के बल्ले से आया था। उन्होंने 1990 में इस मैदान पर शतक लगाया था। अब गिल ने इस कारनामे को दोहराया है। गिल ने 35 साल बाद इस सूखे को भी खत्म करते हुए इतिहास रच दिया है। शुभमन गिल ने इस मैच में 228 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अब शुभमन गिल के नाम हो गया है। उनसे पहले ये रिकॉर्ड यशसवी जायसवाल के नाम था। जायसवाल ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में 712 रन बनाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here