-दिल्ली की अमिता शर्मा को महिला क्रिकेट की सिलेक्शन का चेयरपर्सन चुना गया
मुंबई। रविवार 28 सितंबर को बीसीसीआई की वार्षिक आम सभा में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। इसमें पूर्व रणजी खिलाड़ी मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी का कार्यकाल खत्म होने के बाद अंतरिक अध्यक्ष बनाए गए राजीव शुक्ला एक बार फिर उपाध्यक्ष चुने गए हैं। देवजीत सैकिया सचिव, ए रघुराम भट्ट- कोषाध्यक्ष और प्रभतेज सिंह भाटिया संयुक्त सचिव बने हैं।
मिथुन मन्हास के बीसीसीआई प्रेसिडेंट बनने के बाद सिलेक्शन कमेटी में भी दो बड़े बदलाव हुए हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा और आरपी सिंह को पुरुष सलेक्शन कमेटी में अपना कार्यकाल पूरा कर चुकने वाले एस शरत और सुब्रतो बनर्जी की जगह शामिल किया गया है, जबकि दिल्ली की अमिता शर्मा को महिला क्रिकेट की सिलेक्शन का चेयरपर्सन चुना गया है। बीसीसीआई सलेक्शन टीम के चीफ सलेक्टर अजीत अगरकर अब अपनी टीम में दो नए चयनकर्ताओं के साथ भविष्य की भारतीय टीमों का चयन किया करेंगे।
आरपी सिंह की बात करें तो वह 2007 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने इस पूरे टूर्नामेंट में कमाल की गेंदबाजी करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उस टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए थे। अब वे नेशनल सीनियर सेलेक्शन कमेटी के सदस्य के रूप में अपनी नई भूमिका निभाएंगे। आरपी सिंह भारत के लिए 14 टेस्ट के अलावा 58 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर वह भारत के लिए 124 विकेट ले चुके हैं।
प्रज्ञान ओझा की बात करें तो वह 2008 से 2013 तक भारतीय क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा थे। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट में 113 विकेट लिए। इसके अलावा उन्हें 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी खेलने का मौका मिला। घरेलू क्रिकेट में ओझा ने हैदराबाद, बंगाल और बिहार के लिए खेला। क्रिकेट से संन्यास के बाद ओझा आईपीएल गवर्निंग काउंसिल का हिस्सा रह चुके हैं। अब वह सलेक्शन कमेटी में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।
पुरुष सेलेक्शन कमेटी
अजीत अगरकर (अध्यक्ष)
शिव सुंदर दास
अजय रात्रा
आर पी सिंह
प्रज्ञान ओझा
महिला चयन समिति
अमिता शर्मा (अध्यक्ष)
श्यामा डे
सुलक्षणा नाइक
जया शर्मा
श्रावंथी नायडू
जूनियर क्रिकेट समिति
एस. शरत (अध्यक्ष)
हरविंदर सोढ़ी
पथिक पटेल
कृष्ण मोहन
रानादेब बोस










