– शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने पहले विदेशी दौरे में मैन ऑफ द सीरीज रहे
-शुभमन गिल की टीम ने दिखा दिया वे हर परिस्थितियों में कमाल कर सकते हैं
लंदन के ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर मिया मैजिक के इस यॉर्कर का गस एटकिंसन के पास कोई जवाब नहीं था। गेंद उनका ऑफ स्टम्प उखाड़ती हुई निकल गई और इसके साथ ही भारत ने वो कमाल कर दिखाया, जिसकी कल शाम तक किसी को खास उम्मीद नहीं थी। भारत ने पांचवें व अंतिम टेस्ट में 6 रनों की जीत के साथ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई पहली सीरीज इंग्लैंड से 2-2 की बराबरी पर छुड़ा ली। दूसरी पारी में पंजा खोलने और पहली पारी में चार विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किए गए, जबकि शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने पहले ही विदेशी दौरे में मैन ऑफ द सीरीज चुने गए।
सांसें ऊपर नीचे कर देने वाला मुकाबला
मैच के अंतिम दिन सिराज के कातिलाना स्पेल से भारत ने सांसें ऊपर नीचे कर देने वाले मुकाबले में मेजबान टीम के शेष चार विकेट पहले ही घंटे में चटका दिए। आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रनों की दरकार थी, जबकि भारत को जीत के लिए 4 विकेट चाहिए थे। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला था। प्रसिद्ध कृष्णा के पहले ही ओवर में जब जेमी ओवर्टन ने दो बार गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजा तब लगा था कि इंग्लैंड के बल्लेबाज इस मैच को आधा घंटे में ही खत्म कर देंगे। लेकिन स्थितियां एक बार फिर बदल गईं।
सिराज ने दिलाई अंतिम दिन पहली सफलता
सिराज ने सबसे पहले जेमी स्मिथ (2) को विकेट कीपर ध्रुव जुरैल के हाथों कैच करवा कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। अगली ही गेंद पर जेमी ओवर्टन का भी विकेट मिल गया होता लेकिन स्लिप में केएल राहुल उनके बल्ले से निकले एज को कैच में तब्दील नहीं कर सके। बाद में सिराज ने ही ओवर्टन (9) को विकेट के सामने पकड़ा कर इंग्लैंड को हार के कुछ और करीब ढकेल दिया।
सिराज ने ही ठोकी इंग्लैंड टीम के ‘ताबूत’ में अतिम कील
इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जॉश टंग (0) को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। इसके बाद एक हाथ से बल्लेबाजी के लिए क्रिस वोक्स मैदान पर पहुंचे। वे दूसरे छोर पर एटकिंसन (17) का साथ देने के लिए खड़े भर रहे। लेकिन अंत में सिराज ने एटिंक्सन आउट कर भारत के लिए सीरीज का सुखद अंत करवाया। सिराज ने जैक क्रॉउली के रूप में पहला और एटकिन्सन के रूप में इंग्लैंड के ‘ताबूत’ में आखिरी कील भी ठोंकी।
प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरी पारी में भी झटके चार विकेट
बता दें कि भारत ने इंग्लिश टीम को जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य दिया था। भारतीय टीम ने जहां अपनी पहली पारी में 224 रन बनाए, वहीं इंग्लैंड की पहली इनिंग्स 247 रन पर सिमट गई और मेजबान इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 23 रनों की मामूली बढ़त भी मिल गई। इसके बााद भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में 396 रन बनाकर इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य रखा। चौथे दिन जो रूट और हैरी ब्रुक के शतकों के बाद भारत की जीत की उम्मीदें काफी धुंधली पड़ चुकी थीं। लेकिन इंग्लैंड की दूसरी पारी 367 रनों पर सिमट गई। सिराज ने 104 रन देकर 5 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 126 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में भी चार विकेट लिए थे।










