– केएल राहुल के नाबाद अर्धशतक से भारत के 2 विकेट पर 121 रन, पहली पारी से सिर्फ 41 रन पीछे
– सिराज ने चार, जसप्रीत बुमराह ने तीन और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए
अहमदाबाद। भारत और वेस्टइंडीज के बीच यहां नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में पहले टेस्ट के पहले ही दिन भारत मजबूत स्थिति में था। भारतीय गेंदबाजों ने मेहमान टीम को पहली पारी में 162 रनों पर ढेर करने के बाद सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के नाबाद अर्द्धशतक से अपनी पहली पारी में 2 विकेट खोकर 121 रन बना लिए थे। फिलहाल भारतीय टीम वेस्टइंडीज से 41 रनों से पीछे है।
2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह के सामने मेहमान बल्लेबाज अपने विकेट नहीं बचा सके। वेस्टइंडीज की टीम जहां अपनी पहली पारी में सम्मानजनक स्कोर नहीं खड़ा कर सकी वहीं, पहले दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम लीड लेने के करीब पहुंच चुकी थी। पहले दिन स्टम्प तक केएल राहुल 53 और कप्तान शुभमन गिल 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं यशस्वी जायसवाल 36 और साईं सुदर्शन सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो चुके थे।
वेस्टइंडीज की पारी की बात करें तो, भारतीय गेंदबाजों का सामना वेस्टइंडीज के बल्लेबाज पूरे दो सेशन भी नहीं कर पाए। पहले दिन का पहला सेशन पूरी तरह भारत के नाम रहा था। वेस्टइंडीज की टीम ने लंच ब्रेक तक ही 90 के स्कोर पर 5 विकेट खो दिए थे। इनमें से 3 विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए, वहीं जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली। कुलदीप यादव ने शे होप को बोल्ड कर भारत को सेशन की आखिरी सफलता दिलाई।
होप 26 रन बनाकर आउट हुए, वहीं कप्तान रोस्टन चेज 24 रन बनाकर ्राुट हुए। भारतीय गेंदबाजों का सामना वेस्टइंडीज के बल्लेबाज पूरे दो सेशन भी नहीं कर पाए। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने बुरी तरह निराश किया। कोई भी बल्लेबाज 40 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया। जस्टिन ग्रीव्स 32 रनों के साथ सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। मोहम्मद सिराज ने सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए, वहीं जसप्रीत बुमराह को 3 तो कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले। सिराज भारत में अपना पहला पंजा खोलने से चूक गए। वाशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।










