दलीप ट्रॉफी मुकाबले में नॉर्थ जोन के 6 विकेट पर 308, शमी को मिली सिर्फ एक सफलता

0
51

भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए दलीप ट्रॉफी में आगाज अच्छा नहीं रहा। पहले दिन के खेल में नॉर्थ जोन की पारी में गिरे 6 विकेटों में उनके हिस्से सिर्फ एक ही सफलता आई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ईस्ट जोन के लिए खेल रहे शमी गेंदबाजी के दौरान पूरी तरह से फिट नजर आए।

दलीप ट्रॉफी का ये सीजन उन खिलाड़ियों के लिए काफी अहम है, जो भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अक्टूबर में वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर आने वाली है। सीरीज में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। सितंबर के आखिरी सप्ताह में इस टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा। उससे पहले अगर शमी ने कमाल दिखाया तो उनकी वापसी होने की पूरी संभावना है।

पहले दिन का जब खेल खत्म हुआ, तब तक पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ जोन की टीम ने 6 विकेट के नुक्सान पर 308 रन बना लिए थे। शमी ने 17 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 55 रन खर्च किए और एक सफलता उनके ​हाथ लगी। उन्होंने साहिल (19) को अपना शिकार बनाया।

नॉर्थ जोन के लिए आयुष बदोनी ने बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने केवल 60 गेंदों पर 63 रन बनाए। टीम का बाकी कोई भी बल्लेबाज लम्बी पारी नहीं खषल पाया। मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मुकाबला मार्च 2025 में खेला था। तब भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला गया था। उसके बाद उनकी वापसी भारतीय टीम में नहीं हो पाई है। हाल ही में जब टीम इंडिया ने इंग्लैंड का दौरा किया था, उस वक्त भी शमी को टीम में जगह नहीं मिली। अब अगले महीने एशिया कप के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है, उसमें भी शमी नहीं हैं।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here