वर्ल्ड नंबर-6 नोवाक जोकोविच और स्पेन के स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज ने विंबलडन 2025 के सेमीफाइनल के लिए अपनी सीट बुक कर ली है। दोनों ही खिलाड़ियों का क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। जोकोविच ने इटली के खिलाड़ी फ्लावियो कोबोली और कालार्ेस ने ब्रिटेन के कैमरून नोरी को हराकर अंतिम चार में जगह बना ली। सेमीफाइनल में जोकोविच का मुकाबला वर्ल्ड नम्बर वन जानिक सिनर से होगा। जोकोविच अब अपने 8वें विंबलडन खिताब से सिर्फ दो कदम की दूरी पर हैं। नोवाक जोकोविच की फ्लावियो कोबोली से तगड़ी भिड़ंत हुई, जिसमें चार सेट तक चले कड़े संघर्ष के बाद जोकोविच ने 6-7, 6-2, 7-5 और 6-4 से जीत कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इस मुकाबले का पहला सेट टाई ब्रेकर तक खिंचने के बाद वर्ल्ड नम्बर 22 कोबोली ने 7-6 (8-6) से जीत लिया। लेकिन यह बढ़त जोकोविच के अनुभव के सामने ज्यादा देर तक बनी न रह सकी। जोकोविच ने दूसरा सेट आसानी के साथ 6-2 से जीता। तीसरे सेट में फिर संघर्ष देखने को मिला लेकिन अंतत: जोकोविच ने इसे 7-5 से अपने नाम कर लिया। चौथे सेट में जोकोविच ने 9वें गेम में कोबोली की सर्विस ब्रेक कर बढ़त बनाई और फिर अगला गेम 6-4 से जीतकर विंबलडन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
इससे पहले मंगलवार को मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कारेज ने लगातार तीसरी बार इस खिताब को जीतने की तरफ अपने कदम बढ़ाए। पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में कार्लोस अल्कारेज का सामना ब्रिटेन के कैमरून नोरी से हुआ था, जिसमें उन्होंने सीधे सेटों में जीत हासिल करने के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।
स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी और पिछले 2 बार से विंबलडन का खिताब अपने नाम करने वाले कार्लोस अल्कारेज ने कैमरून नोरी के खिलाफ तीन सेटों तक चले मैच को एकतरफा तरीके से अपने नाम किया, जिसमें पहला सेट अल्कारेज ने 6-2 से जीता तो वहीं अगले 2 सेट 6-3 और 6-3 से जीतने के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली।
अब कार्लोस अल्कारेज का सेमीफाइनल में सामना अमेरिकी खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज से होगा जो पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब हो सके हैं। कार्लोस अल्कारेज ने इससे पहले साल 2023 और 2024 में विंबलडन पुरुष सिंगल्स के खिताब को अपने नाम किया है, जिसमें उन्होंने दोनों बार खिताबी मैच में नोवाक जोकोविच को शिकस्त दी थी।
टेलर फ्रिट्ज ने करेन खाचनोव के खिलाफ हुए क्वार्टर फाइनल मैच को 6-3, 6-4, 1-6, 7-6(4) से जीतने के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा महिलाओं के सिंगल्स इवेंट में आर्याना सबालेंका ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लौरा सीजमंड को 4-6, 6-2 और 6-4 से मात देने के साथ सेमीफाइनल की टिकट बुक की जहां उनकी भिड़ंत अब अमेरिकन टेनिस खिलाड़ी अमांडा अनिसिमोवा से 10 जुलाई को होगी।










