– रणजी ट्रॉफी में यूपी का खेल खत्म, झारखंड से मिली पारी और 301 रन से करारी हार
– झारखंड के मीडियम पेसर सौरभ शेखर ने खोला पंजा, शरनदीप सिंह प्लेयर ऑफ द मैच
– अंतिम दिन सिर्फ 27 मिनट और 4.4 ओवर के खेल में यूपी टीम 15 रन और जोड़कर हुई ढेर
– झारखंड ने पहली पारी में बनाए थे 561 रन, यूपी टीम पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 84 रन पर सिमट गई
करारी हार के साथ यूपी का 25वें साल भी रणजी चैम्पियन बनने का सपना टूट गया। झारखंड ने यूपी की दूसरी पारी सिर्फ 84 रनों पर समेट कर उसे पारी और 301 रनों की शर्मनाक शिकस्त से रूबरू करवाया। यूपी ने 2005-06 में पहली और अंतिम बार ट्रॉफी जीती थी। जब हम झारखंड जैसी टीमों के खिलाफ भी हारने लग जाएं तो अपने गिरेबां में जरूर झांक लेना चाहिए। यूपी को घरेलू विकेट पर पिछले लगभग सात दशकों में इतनी बुरी शिकस्त कभी नहीं मिली। अभी सुबह हुई ही थी और यूपी के बल्लेबाज लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई इकाना स्टेडियम के विकेट पर वार्मअप करके उतरे थे।
झारखंड को बोनस समेत 7 अंक
झारखंड के मीडियम पेसर सौरभ शेखर ने अंतिम दिन के पांचवें ही ओवर में पंजा खोलते हुए यूपी टीम का रणजी से पुलिंदा बांध दिया। यूपी को हारने में आज 27 मिनट ही लगे। इसके साथ ही झारखंड की टीम एक बोनस समेत 7 अंक लेकर 25 अंकों के साथ प्वाइंट टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है। विदर्भ के भी इतने ही अंक हैं लेकिन उसका नेट रन रेट झारखंड से बेहतर होने की वजह से फिलहाल वो पूल ए में शीर्ष पर है। यूपी इस सीजन में जैसे खेल रही थी, उसका रणजी ट्रॉफी 2025-26 के नॉक आउट दौर से बाहर होना पहले ही तय नजर आ रहा था।
विदर्भ के खिलाफ अंतिम मैच औपचारिकता बना
झारखंड के खिलाफ तो यूपी के बल्लेबाजों का प्रदर्शन इतना घटिया रहा कि यदि उसे शेष बचे 301 रन और बनाने होते तो शायद उसके लिए उसे दो पारियां और खेलनी पड़ जातीं। अब उसके लिए विदर्भ के खिलाफ लीग का अंतिम मुकाबला औपचारिकता भर बन कर रह गया है। उसके परिणाम से यूपी की स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाले। यूपी ने अंतिम बार कोविड-19 संक्रमण काल के बाद 2021-22 के सीजन में नॉक आउट दौर में प्रवेश किया था। लेकिन उसके बाद 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में भी यूपी लीग चरण से आउट हो गई। इस सीजन में भी उसका प्रदर्शन औसत दर्जे का भी नहीं रहा। यहां तक कि अपने विकेटों पर भी उसकी स्थिति कमजोर रही।
अंतिम दिन गिरे तीनों विकेट सौरभ शेखर ने लिए
एलीट ग्रुप ए के इस लीग मुकाबले के अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में कल के स्कोर 69 पर 7 विकेट से आगे खेलने उतरी थी। नाबाद बल्लेबाज माधव कौशिक (9) अपने स्कोर में बिना इजाफा किए आउट हो गए। विप्रज निगम (10) और कार्तिक यादव (4) भी जल्दी ही आउट हो गए और इस तरह यूपी की टीम पारी और 301 रनों से हारकर क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। आज गिरे तीनों विकेट सौरभ शेखर ने लेकर इस पारी में अपने पांच विकेट पूरे किए। उन्होंने 16 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा दो-दो विकेट साहिल राज और जतिन पांडे ने लिए, जबकि एक विकेट शुभम कुमार सिंह को मिला। झारखंड की एकमात्र पारी में शानदार शतक जड़ने वाले शरनदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।










