लखनऊ में 17 को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मुकाबले के ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू

0
108

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की नई कार्यकारिणी महत्वपूर्ण पद मिलने के बाद पहली बार आज अपने पहले बड़े एसाइनमेंट के लिए सक्रिय नजर आई। खासकर सचिव और कोषाध्यक्ष लखनऊ में इसी महीने होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के आयोजन को सफल बनाने की जद्दोजहद में लगे दिखे।

यूपीसीए ने सोमवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 17 दिसंबर को इकाना स्टेडियम में होने वाले चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए विभिन्न केटेगरी के टिकटों की लांचिंग कर दी।

इसी के साथ इस मैच के लिए ऑनलाइन टिकटों की बिक्री भी शुरू हो गई। यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि टिकट लांचिंग कार्यक्रम इकाना स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें यूपीसीए के नये सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, निदेशक रियासत अली, सीएमडी इकाना स्पोर्ट्स सिटी उदय सिन्हा की मौजूदगी में 999 रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक के टिकट लांच किए गए।

जनरल स्टैंड का सबसे सस्ता टिकट 999 रुपए और सबसे महंगा 3000 रुपए का रखा गया है। सेमी हाॅस्पिटैलिटी टिकट 4000 और 5000 रुपए का, जबकि हाॅस्पिटैलिटी टिकट की कीमत 10 हजार व 25 हजार रुपए रखी गई है।

यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि यह अर्ली बर्ड टिकट दरें प्रारंभिक चरण में दर्शकों के लिए विशेष रूप से जारी की गई हैं। टिकट जल्दी बुक करवाने पर उनको इसका लाभ मिलेगा। टिकट की जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी इसकी दरों में भी वृद्धि होने की संभावना बढ़ती जाएगी, क्योंकि काफी समय से लखनऊ में टीम इंडिया ने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

इस स्टेडियम में अंतिम अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच लगभग दो साल पहले 29 जनवरी 2023 को हुआ था, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था। बता दें कि इकाना क्रिकेट स्टेडियम) में अब तक 6 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच और 8 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच हुए हैं।

भारत यहां वेस्टइंडीज, श्रीलंका और न्यूजीलैंड से ही खेला है और उसने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। पहले टी-20 मैच में जो कि 6 नवंबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था, रोहित शर्मा ने नाबाद 111 रन बनाए थे। भारत ने उस मुकाबले को 71 रनों से जीता था। इसके बाद 24 फरवरी 2022 को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला भारत ने 62 रनों से जीता था।

कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला के अनुसार 17 दिसंबर को होने वाले मैच के टिकट ऑनलाइन District by Zamato वेबसाइट एवं एप पर आज (1 दिसंबर) से उपलब्ध रहेंगे, जबकि मैन्युअल टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए टिकट विंडो जल्दी ही राजधानी के विभिन्न हिस्सों में खोली जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here