लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेला गया पहला अनाधिकृत टेस्ट शुक्रवार को तेज बारिश के चलते ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

ऑस्ट्रेलिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 532 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ए ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट पर 531 रन बना लिए थे। तभी बारिश शुरू हो गई, और खेल को रोकना पड़ा। बाद में जब दोबारा मैच शुरू हुआ, तो भारत ने पारी की समाप्ति की घोषणा कर दी।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 56 रन बनाए, जिसके बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ मिलाकर मैच को ड्रॉ घोषित किया।

इस मुकाबले में शानदार 150 रनों की पारी खेलने वाले भारत ए के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट 23 सितंबर से खेला जाएगा।
सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों टीमों के बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से पहली पारी में 532 रन बनाए गए, जिसके जवाब में भारत ए ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 531 रन बना डाले।

भारत ए के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल ने बेहद संयम और सटीकता के साथ बल्लेबाजी की।
उन्होंने अपनी 150 रनों की पारी में 281 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके और 1 छक्का लगाया। अपने शतक तक पहुंचने के लिए उन्होंने 198 गेंदें खेलीं और 9 चौके लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने 64 रन सिर्फ विकेटों के बीच दौड़कर बनाए।
जब भारत ए का स्कोर 531 रन पर 7 विकेट था, तब हर्ष दुबे 16 रन पर और प्रसिद्ध कृष्णा नाबाद थे, तभी तेज बारिश आ गई और खेल रोकना पड़ा।
भारत ए को ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को पार करने के लिए सिर्फ 2 रन की जरूरत थी, लेकिन बारिश के बाद खेल बहाल होने पर कप्तान ने पारी समाप्त करने का फैसला लिया।
ऑस्ट्रेलिया ए से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास ने 49 गेंदों पर 27 रन बनाए, जबकि उनके साथी कैंपबेल केलवे ने 47 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली।

टीम ने 16 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 56 रन बना लिए थे, तभी कप्तानों ने आपसी सहमति से मैच ड्रॉ घोषित कर दिया।
इस मुकाबले में शानदार शतक लगाने वाले भारत ए के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं भारतीय टीम में हूं, और मेरे लिए यह बहुत गर्व की बात है।
मैं आगरा जैसे छोटे शहर से आता हूं, जहां मैंने सीमेंट की पिचों पर खेलना शुरू किया था। आज भारतीय टीम का हिस्सा बनना न सिर्फ मेरे लिए बल्कि आगरा के कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।”
उन्होंने इकाना स्टेडियम की पिच पर भी बात करते हुए कहा कि यह लाल मिट्टी की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल रही, जिस कारण किसी भी टीम की एक पारी में 10 विकेट नहीं गिर सके। “अगर यह मैच पांच दिन का होता, तो परिणाम जरूर देखने को मिल सकता था।”
ऑस्ट्रेलिया ए के हेड कोच टिम पेन ने भी मैच को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि “बारिश के चलते खेल में बार-बार व्यवधान पड़ा, लेकिन हमें इस मुकाबले से कई अहम जानकारियां मिलीं। हम अगले मैच में और बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।”
दोनों टीमें 23 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में आमने-सामने होंगी, जहां वे जीत के लिए पूरा जोर लगाती नजर आएंगी।










