पीयूष चावला बोले- कानपुर के खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल के लिए तैयार

0
48

-द स्पोर्ट्स हब बना टैलेंट की नर्सरी, दूसरे दिन भी टीएसएच में चमका क्रिकेट का जज़्बा, पीयूष चावला ने फील्डिंग के गुर सिखाए

कानपुर। आर्य नगर स्थित ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच) में चल रहे समर क्रिकेट कैंप के दूसरे दिन शुक्रवार को बारिश के बावजूद मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार स्पिनर और वर्ल्ड कप विजेता पीयूष चावला ने फील्डिंग के बारीकियों पर खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी जितनी अहम है, उतनी ही जरूरी फील्डिंग की समझ और सतर्कता भी होती है।

टीएसएच के शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए चावला ने कहा, “यहां के बच्चे बेहद टैलेंटेड हैं और ‘द स्पोर्ट्स हब’ उन्हें वो प्लेटफॉर्म दे रहा है, जो किसी बड़े स्पोर्ट्स अकादमी में मिलता है। यहां की कोचिंग फैसिलिटी राष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरती है।”

कैंप के दौरान चावला ने खिलाड़ियों को बताया कि फील्डिंग में बॉडी मूवमेंट और बॉल की स्पीड को समझना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को सिखाया कि कैचिंग, थ्रो और रन आउट जैसे मौकों पर गेंद पर नजरें टिकाए रखना कितना अहम होता है। उन्होंने यह भी बताया कि “जिस खिलाड़ी के बेसिक्स क्लियर होते हैं, वही लंबे समय तक मैदान पर टिकता है।”

चावला ने खास तौर पर ‘द स्पोर्ट्स हब’ की उस सोच की तारीफ की जिसमें 75 अल्प आय वर्ग के बच्चों को निशुल्क प्रोफेशनल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने इसे “सच्चे क्रिकेट विकास की दिशा में एक बड़ी पहल” बताया। कैंप की कोचिंग टीम में मुख्य रूप से इंटरनेशनल खिलाड़ी शशिकांत खांडेकर को मुख्य कोच और रणजी प्लेयर मोहम्मद आमिर को कोच नियुक्त किया गया है, जो बच्चों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ मैच की समझ भी दे रहे हैं।

गौरतलब है कि यह समर कैंप 25 जून तक चलेगा, जिसमें पीयूष चावला शुरू के तीन दिन मैदान में खुद खिलाड़ियों को कोचिंग दे रहे हैं। शुक्रवार को हुए प्रशिक्षण में खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे और टीएसएच की इस पहल को लेकर उत्साह और संतोष जताया।

टीएसएच न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस एक क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र बनकर उभरा है, बल्कि यह कानपुर के उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की मजबूत सीढ़ी भी बन रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here