कानपुर। यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप में प्रदेश भर के खिलाड़ी द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) कानपुर में खेलते नजर आएंगे। स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन और द स्पोर्ट्स हब के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय केके शर्मा मेमोरियल यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चौंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दो से चार जनवरी तक अत्याधुनिक स्क्वैश कोर्ट्स पर होगी। प्रतियोगिता के आयोजन के बारे बुधवार को आयोजकों ने विस्तृत जानकारी साझा की।
उत्तर प्रदेश स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के सचिव विनय पाण्डेय और कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि चौंपियनशिप का आयोजन नॉक-आउट प्रणाली के तहत किया जाएगा, जो इसे बेहद रोमांचक बना देगा इस राज्य स्तरीय चौंपियनशिप में विभिन्न आयु और वर्ग की स्पर्धाएं शामिल होंगी, जिनमें बालक वर्ग अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19, पुरुष वर्ग, बालिका वर्ग अंडर-17, महिला वर्ग यह टूर्नामेंट प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करेगा।
इस टूर्नामेंट में धामपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद और आगरा जैसे प्रमुख शहरों के स्क्वैश खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे, प्रतियोगिता के निष्पक्ष और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। टूर्नामेंट में मीरजापुर, देहरादून और प्रयागराज से राष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों की एक अनुभवी टीम नियुक्त की गई है, जो मुकाबलों का संचालन करेगी।
टूर्नामेंट चेयरमैन एवं टीएसएच के सीईओ, प्रणित अग्रवाल ने बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश में स्क्वैश खेल को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पुरुष, महिला, बालक एवं बालिका वर्गों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे यह चौंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए न केवल अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का एक शानदार अवसर होगी, बल्कि यह उन्हें अपने प्रदर्शन के आधार पर अपनी रैंकिंग में सुधार करने का भी महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।










