पहले दिन धामपुर, प्रयागराज और वाराणसी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

0
64

कानपुर। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में स्वर्गीय केके शर्मा मेमोरियल उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 के पहले दिन धामपुर, प्रयागराज और वाराणसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का आगाज, पहले दिन 33 मुकाबले

शुक्रवार को 33 मुकाबले हुए। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त (उद्योग), उत्तर प्रदेश ने प्किया। कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन एवं द स्पोर्ट्स हब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

टीएसएच के अत्याधुनिक स्क्वैश कोर्ट्स पर प्रदेश के उभरते और अनुभवी खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए न केवल खिताब जीतने का मंच है, बल्कि उनकी रैंकिंग सुधारने और खेल को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।

कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि चैंपियनशिप में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 बालक वर्ग, अंडर-17 बालिका वर्ग के साथ महिला एवं पुरुष वर्गों में नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले जा रहे हैं।

धामपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद और आगरा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी निर्णायकों की तैनाती की गई है। उद्घाटन अवसर पर यूपी स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के सचिव विनय पांडेय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुशील शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि टीएसएच के डायरेक्टर ऑपरेशंस पी.के. श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।

पहले दिन लीग कम नॉकआउट आधार पर कुल 33 मुकाबले खेले गए, जिनमें लीग मैचों के दौरान धामपुर, प्रयागराज और वाराणसी के खिलाड़ियों का वर्चस्व देखने को मिला।

पहले दिन का आखिरी मुकाबला धामपुर के राघव वशिष्ठ और आईआईटी कानपुर के सौभाग्य राहा के बीच खेला गया, जिसमें राघव वशिष्ठ ने 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरे दिन शनिवार को मुकाबले सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे, जिनमें महिला वर्ग के मैच मुख्य आकर्षण रहेंगे।

आज के परिणाम-
-धामपुर के उदयवीर भारती ने प्रयागराज के अंकित पटेल को 3-0 से हराया
-वाराणसी के अनुज कुमार ने नोएडा के बृजेश को 3-0 से पराजित किया
-वाराणसी के समर जैसलमेर ने वाराणसी के आर्यन प्रजापति को 3-1 से हराया
-लखनऊ के अबीर खुल्लर ने धामपुर के सुफियान मोहम्मद को 3-0 से हराया
-नोएडा के अर्जुन माहेश्वरी ने धामपुर के ऋषभ कुमार को 3-0 से पराजित किया
-वाराणसी के अनूप कुमार ने नोएडा के बृजेश को 3-0 से हराया
-कानपुर के तेजस्व दादिया ने धामपुर के उदय भारती को 3-0 से हराया
-धामपुर के अरनव तोमर ने वाराणसी के अंकित कुमार को 3-0 से हराया
-प्रयागराज के अभिषेक कुमार ने मिर्जापुर के धीरज पटेल को 3-0 से हराया
-धामपुर के अंश कुमार ने धामपुर के वीर प्रताप को 3-0 से पराजित किया
-वाराणसी के आर्यन प्रजापति ने प्रयागराज के कृष्णा जायसवाल को 3-1 से हराया
-प्रयागराज के नीतीश पटेल ने प्रयागराज के अभिषेक कुमार को 3-1 से हराया
-धामपुर के राघव वशिष्ट ने कानपुर आइआईटी के सौभाग्य राहा को 3-0 से हराया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here