भारत पर मंडरा रहे हार के संकट के बीच राहुल और गिल का मैच बचाने के लिए संघर्ष

0
142

दूसरी पारी में टीम का खाता खुलने से पहले ही दो विकेट खो देने वाले भारत पर चौथे टेस्ट में भी हार का संकट मंडरा रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे इस टेस्ट के चौथे दिन भारत पहली पारी के आधार पर 311 रनों की लीड खाने के बाद अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुक्सान पर 174 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 87 और कप्तान शुभमन गिल 78 रन बनाकर भारत की हार के संकट को टालने के लिए संघर्ष कर रहे थे। भारत अभी भी इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर से 137 रन पीछे हैं।

सीरीज का चौथा टेस्ट मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। शनिवार को मैच के चौथे दिन भारत दूसरे और तीसरे सेशन में पूरी तरह हावी रहा। केएल राहुल और शुभमन गिल ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। इस दौरान इंग्लैंड के गेंदबाज विकेट के लिए तरसते रहे। स्टंप्स के समय राहुल 210 गेंदों में 87 जबकि कप्तान गिल 167 गेंदों में 78 रन बनाकर नाबाद हैं। अब रविवार को पांचवें व अंतिम दिन दोनों बल्लेबाजों का लक्ष्य पहली पारी की लीड खत्म कर टेस्ट को ड्रॉ कराने पर है।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्रिस वोक्स ने पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन को लगातार गेंदों पर पवेलियन की राह दिखाई। दोनों का खाता नहीं खुला। ऐसे में ओपनर राहुल ने गिल के साथ मोर्चा संभाला और इंग्लैंड टीम को और मौका नहीं दिया। इससे पहले दिन के पहले सेशन में मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स (141) ने शानदार शतक ठोका। ब्रायडन कार्से (47) ने भी फिर शानदार बल्लेबाजी की। इंग्लैंड की पहली पारी 669 रनों पर खत्म हुई थी। इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत 544/7 क स्कोर से करने के बाद 125 रन जोड़कर शेष तीन विकेट गंवाए।

तीसरे दिन दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने (150) बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने ओली पोप (71) के साथ तीसरे विकेट के लिए 144 और स्टोक्स के साथ 142 रन की पार्टनरशिप करने के बाद भारत को बैकफुट पर धकेला। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो जबकि अंशुल कंबोज और मोहम्मद सिराज ने एक-एक शिकार किया। इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here