ग्रीनपार्क दिन भर बारिश में भीगा, भारत-आस्ट्रेलिया ए टीमों के बीच पहला वन डे बिना खेल के रद्द

0
72
  • दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए भी मैदान में नहीं उतर सके
  • दोनों टीमों के खिलाड़ी बारिश के कारण होटल में ही रहे

कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच मंगलवार को होने वाला पहला वनडे मैच बारिश की वजह से रद्द घोषित कर दिया गया। सुबह नौ बजे के बाद से जो बारिश शुरू हुई, शाम मैच रद्द घोषित होने तक जारी थी। यहां तक कि दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए भी मैदान में नहीं उतर सके।

दोनों अम्पायरों अजितेश अर्गल और तन्मय श्रीवास्तव ने मैदान का हाल देखने और बारिश को रुकता न देख मैच को शाम पांच बजे से पहले ही खेल लायक न मानते हुए रद्द घोषित करने का फैसला ले लिया। लगातार बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं रहा। यूपी के पूर्ण रणजी बल्लेबाज तन्मय श्रीवास्तव के लिए तो यह कि बतौर अम्पायर किसी विदेशी टीम के साथ पहला अनाधिकृत मैच भी था।

भारी बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण मैच को बारिश के रुकने के बाद भी कई घंटे तक मैच करवाने की कोई संभावना नहीं थी। हालांकि कानपुर के दर्शक लगातार मैच होने की आस में स्टेडियम में जमे रहे। सुबह से ही बारिश जारी थी और बीच में रुकने के बाद दोपहर में फिर से तेज हो गई। पिछले साल सितम्बर में ही भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए टेस्ट मैच के दौरान भी बारिश की खलनायकी और स्टेडियम के खराब ड्रेनेज सिस्टम ने खेल का मचा किरकिरा कर दिया था। वो तो मैच के अंतिम दो दिन भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने चमत्कारिक खेल का प्रदर्शन कर सिर्फ सवा दो दिन के खेल में अपने पक्ष में रिजल्ट निकाल लिया था, इसलिए ग्रीनपार्क की नाक बच गई थी। हालांकि ड्रेनेज सिस्टम में पूरा एक साल गुजरने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।

हालांकि क्यूरेटर ने सुबह ही पिच और मैदान को कवर से ढकवा दिया था। लेकिन पूरे कवर्स न होने की वजह से कुछ आउटफील्ड काफी गीला हो गया था। मैदान को सुखाने के लिए ग्राउंड स्टाफ लगातार काम कर रहे थे, लेकिन भारी बारिश ने उनकी कोशिशों पर पानी फेर दिया।

अब दोनों टीमें 3 अक्टूबर को इसी मैदान पर दूसरे वनडे के लिए भिड़ेंगी। इस मैच का आकर्षण इसलिए भी और बढ़ जाएगा, क्योंकि एशिया कप में खेलकर लौटी टीम के स्टार बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी भी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय ए टीम के साथ इस मैच से पहले जुड़ चुके होंगे।

इन मैचों का कोई टीवी प्रसारण या लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध नहीं रहेगा। मंगलवार को दर्शक सोशल मीडिया और क्रिकेट वेबसाइटों पर पहले वन डे के लाइव अपडेट्स फॉलो कर रहे थे। दोनों टीमों के खिलाड़ी बारिश के कारण होटल में ही रहे। सबसे ज्यादा निराशा कानपुर के स्थानीय दर्शकों को हुई। उन्हें इस मैच में एक भी गेंद का खेल देखने को नहीं मिला। संभावना है कि आयोजक उनके इस टिकट को अगले मैच के लिए मान्य घोषित कर सकते हैं।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here