सुपर आठ की अहम भिड़ंत में रोमांच की उम्मीदें मौसम की भेंट चढ़ गईं। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच शनिवार को खेला जाना वाला टी20 विश्व कप सुपर आठ ग्रुप दो का मुकाबला लगातार बारिश के कारण बिना एक भी गेंद डाले रद्द कर दिया गया।
नतीजतन दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा, जिससे सेमीफाइनल की दौड़ और पेचीदा हो गई है। हल्की बूंदाबांदी के बीच पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। मैदान को कवर से ढक दिया गया और लंबे इंतजार के बाद अंपायरों ने मैच रद्द करने की घोषणा कर दी।
पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए ख्वाजा नफे की जगह फखर जमां को मौका दिया। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने तीन बदलाव किए। कप्तान मिचेल सेंटनेर पेट के संक्रमण से उबरकर टीम में लौटे, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और ईश सोढी को भी अंतिम एकादश में शामिल किया गया।
अब पाकिस्तान का अगला मुकाबला 24 फरवरी को इंग्लैंड से होगा, जबकि न्यूजीलैंड 25 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ उतरेगी। दोनों टीमों के पास अभी दो-दो मैच शेष हैं, लेकिन इस रद्द मुकाबले ने समीकरण बदल दिए हैं।
आगे यदि किसी टीम को हार का सामना करना पड़ा या मौसम फिर बाधा बना, तो अंतिम चार में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है। सुपर आठ के इस ग्रुप में हर अंक की अहमियत है और ऐसे में बिना खेले अंक बंटना दोनों टीमों के लिए राहत से ज्यादा दबाव बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।










