गाबा में पांचवां टी-20 बारिश ने रद्द करवाया, भारत ने 2-1 से जीती 5 मैचों की सीरीज

0
40

आस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा में भारतीय बल्लेबाजों के 4.5 ओवर तक चले धूम धड़ाके के बाद आसमान गरजा और पांचवां व अंतिम टी-20 मुकाबला बारिश के चलते रद्द घोषित हो गया। खेल रोके जाने के समय भारत ने बगैर विकेट खोए 52 रन बनाए थे। उपकप्तान शुभमन गिल ने 16 गेंदों पर 29 और और अभिषेक शर्मा ने 13 गेंदों पर 23 रन बनाए थे। इसके साथ ही भारत ने यह सीरीज 2-1 से जीतकर कप पर कब्जा जमा लिया। अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला जा रहा था। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें भारतीय टीम ने जब अपनी पारी के 4.5 ओवर्स बल्लेबाजी कर रहे थे तो उसके बाद बारिश आने की वजह से खेल रोक दिया गया था, जिसके बाद मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया गया है।अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का विदेशी सरजमीं पर ये आखिरी टी-20 मैच भी था, अब वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम को 2 और टी-20 सीरीज खेलनी है, जों दोनों ही घर पर हैं।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता। इससे पहले अभिषेक को एशिया कप 2025 में भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया था। अभिषेक शर्मा ने कहा कि मुझे इस सीरीज का काफी बेसब्री से इंतजार था, क्योंकि जब मुझे पता चला कि मैं सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहा हूं तो मैं उसके लिए काफी उत्साहित था। मैंने पहले भी कहा है कि मुझे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच होने वाली जंग हमेशा पसंद आती है। यहां की पिच बल्लेबाजी करने के लिए काफी अच्छी हैं, जिसमें हमें इस सीरीज में और भी बड़े स्कोर बनाने चाहिए थे, लेकिन फिर भी हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।

अभिषेक ने कहा जोश हेजलवुड ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और मुझे उनका सामना करना काफी शानदार लगा क्योंकि वह एक वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। अगर आपको अच्छा क्रिकेट खेलना है और लगातार बेहतर प्रदर्शन करना है तो आपको इस तरह के गेंदबाजों का सामना करने के लिए खुद को तैयार रखना होगा। अभिषेक ने वर्ल्ड कप को लेकर कहा कि अगर मैं वर्ल्ड कप में खेलता हूं तो ये मेरे लिए सपने के सच होने जैसा होगा, क्योंकि मैंने बचपन से यही सपना देखा है कि वर्ल्ड कप जीतना है। मैं ये सुनिश्चित करूंगा कि मैं खुद को इस बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार रखूं।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here