ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से निकली आग ने न सिर्फ 200 के ऊपर के टारगेट को सबसे कम गेंदों पर जीतने का विश्व रिकॉर्ड बनाया, बल्कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को भी तितर-बितर कर रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले को 7 विकेट से टीम इंडिया के नाम भी कर दिया। भारत ने इस जीत के साथ ही 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली टीम इंडिया के सामने न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 208 रन बनाए। जवाब में सलामी जोड़ी संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) के सात गेंदों के अंदर ही आउट हो जाने के बावजूद प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक पारियों की मदद से टीम इंडिया ने यह मुकाबला सिर्फ 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत लिया।
कप्तान सूर्यकुमार के बल्ले से 14 महीने और 23 पारियों के बाद अर्द्धशतक आया। 209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट जल्दी निकल जाने के बाद ईशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के लगाए। ईश सोढ़ी ने उन्हें पवेलियन भेजा। लेकिन लम्बे समय से खराब फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव ने मात्र 37 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाकर दो सौ से ज्यादा के लक्ष्य को भी बौना साबित कर दिया। ईशान किशन के आउट होने पर आए शिवम दुबे ने भी 200 के स्ट्राइक रेट के साथ 18 गेंदों में 36 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए हेनरी, डफी और सोढ़ी ने 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 47 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड को डेवोन कॉनवे और टिम साइफर्ट ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। डेवोन कॉनवे को हर्षित राणा ने पवेलियन भेजा। कॉनवे ने 9 गेंद में 19 रन बनाए। वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को आउट किया। साइफर्ट ने 13 गेंद में 24 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स को कुलदीप ने आउट किया। फिलिप्स ने 13 गेंद में 19 रन बनाए। डेरिल मिचेल 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शिवम ने उन्हें आउट किया। रचिन रविंद्र ने 26 गेंद में 44 रन बनाए। कुलदीप ने रचिन को आउट करके दूसरी सफलता हासिल की। मार्क चैपमैन 10 रन ही बना सके।
इस मैच में टीम इंडिया को 209 रनों का टारगेट मिला था और उसे उन्होंने सिर्फ 15.2 ओवर्स में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल करने के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने जब इस मुकाबले को खत्म किया तो उसी के साथ वह फुल मेंबर्स टीमों के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा गेंद रहते हुए 200 प्लस टारगेट को चेज करने वाली टीम बन गई। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम पर था, जिन्होंने साल 2025 में ऑकलैंड में खेले गए टी20 मैच में 205 रनों के टारगेट को 24 गेंद शेष रहते हुए हासिल किया था।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार 200 प्लस रनों के टारगेट को चेज करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम पर है, जिन्होंने इस कारनामे को अब तक 7 बार अंजाम दिया है। वहीं इस लिस्ट में टीम इंडिया अब दूसरे नंबर पर आ गई है जिसमें उन्होंने छठी बार ये कारनामा किया है, वहीं इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका की टीम अब 5 बार इस कारनामे को करने के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं टीम इंडिया ने दूसरी बार किसी टी20 मुकाबले में 209 रनों का टारगेट चेज किया है जो अभी तक का उनका संयुक्त सर्वाधिक चेज भी है।










