रणजी : शर्मनाक बल्लेबाजी के बाद झारखंड के खिलाफ यूपी पारी की हार के कगार पर, झारखंड के सीमर्स ने टिकवाए घुटने

0
103

 

-पहली पारी में अभिषेक गोस्वामी के अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका
-पहली पारी में 176 पर आउट होने के बाद मिला फॉलोऑन, दूसरी पारी में भी यूपी ने 69 पर 7 विकेट खो दिए

यूपी टीम झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अपने ही विकेट पर पारी की शर्मनाक हार के काफी करीब पहुंच चुकी है। लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेई इकाना स्टेडियम में चल रहे इस मुकाबले में यदि चौथे व अंतिम दिन कोई प्राकृतिक आपदा नहीं आती है तो मेजबान टीम का घर में शर्मशार होना तय है। झारखंड को बोनस अंक के साथ जीत के लिए सिर्फ 3 विकेट की जरूरत है, जबकि यूपी को पारी की हार से बचने के लिए 316 रन और चाहिए। झारखंड ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 561 रन बनाकर घोषित की थी।

यूपी के 17 में से 16 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए
एलीट ग्रुप ए के इस मुकाबले में यूपी के बल्लेबाज झारखंड के तेज गेंदबाजों के सामने आसानी से घुटने टेक गए। इस मैच में यूपी की दोनों पारियों में झारखंड के तेज गेंदबाज अब तक गिरे 17 विकेटों में से 16 विकेट ले चुके हैं। यूपी की टीम तीसरे दिन स्टम्प तक फॉलोऑन खाने के बाद अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट पर 69 रन बनाकर पारी की हार के दलदल में बुरी तरह फंसी हुई थी। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि मैच का नतीजा तीसरे दिन ही आ जाएगा। लेकिन माधव कौशिक और विप्रज निगम अंतिम साढ़े चार ओवर सुरक्षित निकालने में सफल रहे।

यूपी की पहली पारी सस्ते में सिमटी
इससे पहले अपनी पहली पारी में 176 रनों में सिमट जाने के कारण यूपी को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा। दूसरी पारी में मेजबान टीम का प्रदर्शन और भी दयनीय रहा। दूसरी पारी में भी उसकी सलामी जोड़ी 10 गेंदों के अंदर सिर्फ 9 रनों पर ही पवेलियन लौट चुकी थी। झारखंड के तेज गेंदबाजों ने टॉप और मिडिल ऑर्डर में भी सेंध लगा दी। नतीजा यह निकला कि यूपी के 7 विकेट सिर्फ 61 रनों पर पवेलियन का रुख कर गए। इसके बाद माधव कौशिक (नाबाद 9) और विप्रज निगम (नाबाद 1) ने जैसे तैसे 4.3 ओवर का खेल बिना अलग हुए निकाला।

मेजबान टीम के सीमर्स नहीं उठा सके फायदा
झारखंड के तेज गेंदबाजों को प्रदर्शन देखने से एक बात तो साफ हो गई कि यूपी के कप्तान और कोच ने विकेट पढ़ने में कोई चूक नहीं की थी और टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला भी सही था लेकिन पहले दिन उसके सीमर्स ही अच्छी गेंदबाजी करने में नाकाम रहे। शिवम मावी ने जरूर शुरुआत में विकेट में मौजूद घास का फायदा उठाने की कोशिश की लेकिन दबाव बनाने में वे भी असफल रहे। शनिवार सुबह 32 पर 3 विकेट के साथ तीसरे दिन का खेल शुरू करने वाली यूपी के बाकी 7 विकेट 143 रन और जोड़कर गिर गए। मेहमान टीम के सीमर्स ने पहली पारी में गिरे 10 में से 9 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में अभिषेक गोस्वामी (5), आदित्य शर्मा (2), प्रियम गर्ग (9) और सिद्धार्थ यादव (16) के विकेट भी सस्ते में उखाड़ दिए। कप्तान आर्यन जुयाल दूसरी पारी में भी सिर्फ 24 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शिवम मावी और शिवम शर्मा का तो खाता भी नहीं खुला। सभी 7 विकेट झारखंड के सीमर्स को मिले। साहिल राज और जतिन पांडे को दो-दो, जबकि शुभम कुमार सिंह को एक विकेट मिला।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी अकेले दम लड़े
इससे पहले आज यूपी की पहली पारी में सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने अकेले दम झारखंड के गेंदबाजों से मोर्चा लिया और 168 गेंदों में एक छक्के व 13 चौके लगाते हुए 85 रन बनाए। वे आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। चोटिल प्रशांतवीर की जगह शामिल किए गए ऑलराउंडर शिवम शर्मा (24) को छोड़ अन्य कोई बल्लेबाज विकेट पर खड़ा रहने में सफल नहीं हो सका। सिद्धार्थ यादव 14, प्रियम गर्ग 7, विप्रज निगम 9 शिवम मावी 10 और कार्तिक यादव 4 रन बनाकर आउट हुए। झारखंड के लिए मीडियम पेसरों शुभ कुमार सिंह ने 47 रन देकर 4 और जतिन पांडे ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि एक-एक विकेट साहिल राज और सौरभ शेखर ने लिया। स्पिनर्स में एकमात्र सफलता अंकुल रॉय के हिस्से आई।

झटका : प्रशांतवीर का विदर्भ के खिलाफ खेलना मुश्किल
प्रशांतवीर की मेडिकल रिपोर्ट से यूपी टीम को झटका लगा है। प्रशांतवीर विदर्भ के खिलाफ नागपुर में होने वाले अगले मैच से भी बाहर रह सकते हैं, क्योकि उनकी चोट ठीक होने में कम से कम तीन सप्ताह का समय लगने की संभावना है। दूसरे दिन लंच से पहले प्रशांतवीर के कंधे मेंं शरनदीप सिंह का शॉट रोकने के दौरान इंजरी हो गई थी। उनकी जगह शिवम शर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। नये नियम के अनुसार यदि कोई सीरियस इंजरी होती है तो मैच के दौरान भी घायल किसी खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट मिल सकता है। बीसीसीआई ने यह नियम पिछले घरेलू सत्र के दौरान ही लागू कर दिया था। शिवम शर्मा टीम में 12वें खिलाड़ी थे। प्रशांत वीर की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद अंपायरों ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर शिवम को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की इजाजत दे दी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here