– शिवम मावी ने लगाया कॅरिअर का पहला शतक, यूपी ने पहली पारी 6 विकेट पर 535 रन बनाकर घोषित की
– नागालैंड ने विशाल स्कोर के दबाव में 4 विकेट सिर्फ 77 रन पर खोए, दो विकेट शिवम मावी ने चटकाए
कानपुर। यूपी को 2025-26 के सीजन में अपनी पहली जीत की खुशबू मिल गई है। तीन शतकों और शिवम मावी के ऑलराउंड प्रदर्शन ने ग्रीनपार्क स्टेडियम में नागालैंड के खिलाफ मैच की दिशा आधे सफर में ही मेजबान टीम की तरफ मोड़ दी है। हालांकि अभी पूरे दो दिन का खेल बाकी है और क्रिकेट में भविष्यवाणी जोखिम भरी हो सकती है लेकिन इतना तो स्पष्ट है कि यूपी ने क्रिकेट के मेमने को दबोचने की पूरी तैयारी कर ली है।
रणजी ट्रॉफी फाइनल एलीट ग्रुप ए के इस मैच के दूसरे दिन यूपी ने नागालैंड पर पारी से जीत दर्ज करने के लिए जरूरी 20 में से 4 विकेट निकाल लिए हैं, जबकि मेहमान टीम सिर्फ 77 रन ही बना पाई है और पहली पारी में अभी भी 458 रन से पिछड़ रही है। पहले तो यूपी के बल्लेबाजों ने अपना काम बखूबी अंजाम दिया, उसके बाद मेजबान गेंदबाजों ने भी अपना दायित्व निभाया। वे अगले दो दिनों में नागालैंड के 16 विकेट गिराकर अपनी टीम को जीत दिलाने को तैयार नजर आ रहे हैं।
दूसरे दिन के खेल का आकर्षण शिवम मावी का तूफानी शतक रहा। यह किसी भी फॉर्मेट में उनके कॅरिअर का पहला शतक था। उन्होंने अपने पहले 50 रन बनाने में जहां 63 गेंदें लीं, जबकि दूसरे 50 रन सिर्फ 24 गेंदों पर ही बना डाले। मावी ने माधव कौशिक के साथ सातवें विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी सिर्फ 132 गेंदों पर कर डाली, इसमें मावी का योगदान 101 रनों का था। उन्होंने 87 गेंदों पर 5 छक्कों और 10 चौक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। मावी का शतक पूरा होते ही यूपी की पारी 6 विकेट पर 535 रनों पर घोषित हो गई।
यूपी ने सुबह अपने कल के स्कोर एक विकेट पर 301 रनों से आगे खेलना शुरू किया था। नागालैंड को पहली सफलता कल के नाबाद शतकवीर आर्यन जुयाल के रूप में मिली। लेकिन उससे पहले जुयाल (140) ने आक्रामक बल्लेबाजी कर अपने स्कोर में 22 रनों का और इजाफा किया। वे लेफ्ट आर्म स्पिनर इमलीवाटी का शिकार हुए। यह इस गेंदबाज को मिली दूसरी सफलता भी थी। दूसरे छोर पर माधव कौशिक की बल्लेबाजी में पहले दिन वाली सुस्ती बरकरार रही।
नागालैंड के कप्तान और मीडियम पेसर रोंगसेन जोनाथन ने 26 रन के भीतर यूपी के 4 विकेट गिराकर कुछ देर के लिए सनसनी जरूर पैदा की थी लेकिन बोर्ड पर 394 रन दर्ज हो चुके थे, इसलिए मेजबान टीम के लिए खास फिक्र की बात नहीं थी। ये कप्तान करन शर्मा (17), आराध्य यादव (14), प्रियम गर्ग (4) और प्रशांत वीर (1) के विकेट थे। जोनाथन ने 150 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक 374 गेंदें खेलकर 185 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 11 चौक्के शामिल थे। 49.47 के स्ट्राइक रेट से डेढ़ दिन तक बल्लेबाजी करने वाले माधव कौशिक ने 138.4 ओवर में से 62.3 ओवर तो अकेले खुद खेले। वे लंच के बाद आउट भी हो गए होते लेकिन नागालैंड के तेज गेंदबाज रोनित मोल की वह गेंद नो बॉल करार दी गई। दूसरी ओर अपना पहला शतक लगाने वाले शिवम मावी ने बल्लेबाजी के लिए आसान विकेट पर 116.09 के स्ट्राइक रेट के साथ बेखौफ बल्लेबाजी की। कौशिक और मावी ने लंच के बाद सिर्फ 14.4 ओवर में 110 रन जोड़ डाले थे। हालांकि इनमें मावी का योगदान कौशिक से काफी ज्यादा था।
नागालैंड ने यूपी के विशाल स्कोर के सामने अपनी पारी शुरू की लेकिन अभी 16 रन ही बने थे कि उसको पेसर आकिब खान ने जानथंग (2) के रूप में पहला झटका दिया। 40 रन और जुड़ने के बाद मेहमान टीम लड़खड़ा गई और 20 रनों के भीतर ही उसने तीन विकेट खो दिए। पहले शिवम मावी ने शेडेझाले (15) को बोल्ड कर नागालैंड को दूसरा आघात पहुंचाया। फिर मावी ने हेम (8) को और फिर शिवम शर्मा ने चेतन बिस्ट (7) को चलता किया। दिन का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाज निश्चल (42) रन बनाकर एक छोर संभाले थे।










