रणजी : तमिलनाडु के खिलाफ यूपी के लिए सीधी जीत का एक और सुनहरा मौका

0
71

 

संजीव मिश्र/स्पोर्ट्सलीक

 

नागालैंड पर पारी से जीत दर्ज करने वाली यूपी टीम के लिए कोयंबटूर में रविवार से तमिलनाडु के खिलाफ शुरू होने वाले एलीट ए ग्रुप के रणजी मुकाबले में एक और सीधी जीत का सुनहरा मौका होगा। यूपी टीम इस समय अच्छी फॉर्म में है और उसके पास 4 मैचों में एक जीत और आन्ध्र प्रदेश व उड़ीसा के खिलाफ पहली पारी की बढ़त लेने से 14 अंक हैं, जबकि बड़ौदा के खिलाफ मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था। दूसरी ओर तमिलनाडु की टीम को इस सीजन में दो हार झेलनी पड़ी हैं, इसलिए 4 मैचों से उसके पास अभी तक सिर्फ 4 अंक ही हैं।

तमिलनाडु के लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा

तमिलनाडु टीम होम ग्राउंड पर खेल रही हो या बाहर, इस सीजन उसके लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। उसके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव और बड़ी टीमों के खिलाफ खराब प्रदर्शन का फायदा यूपी को मिल सकता है। बशर्ते यूपी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में समान प्रदर्शन कर मिले मौकों को बराबर से भुनाए। कप्तान करन शर्मा की टीम यदि ऐसा कर पाती है तो तमिलनाडु को उसके विकेट पर हराना मुश्किल नहीं होना चाहिए।

तमिलनाडु के इन बल्लेबाजों पर रखनी होगी नजर

तमिलनाडु को झारखंड के खिलाफ एक पारी और 114 रनों से शिकस्त खानी पड़ी थी, जबकि नागालैंड से उसे पहली पारी में बढ़त मिली थी। विदर्भ के खिलाफ ड्रॉ मुकाबले में उसे पहली पारी में लीड खानी पड़ी थी, जबकि विशाखापत्नम में हुए पिछले मुकाबले में उसे आन्ध्र प्रदेश से 4 विकेट से हराया था। यूपी को कप्तान नारायन जगदीशन, विमल कुमार, इस सीजन दो शतक जड़ने वाले प्रदोश रंजन पॉल और बाबा इन्द्रजीत पर नजर रखनी होगी और इनके विकेट जल्दी से जल्दी निकालने होंगे।

तमिलनाडु के कप्तान को फॉर्म की तलाश

नागालैंड के खिलाफ विमल कुमार (189), प्रदोश रंजन पाल (नाबाद 201), विदर्भ के खिलाफ प्रदोश रंजन पॉल (113) ने इस सीजन तमिलनाडु के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन बाकी के बल्लेबाजों में सिर्फ बाबा इंद्रजीत (96) के बल्ले से विदर्भ के खिलाफ एक अच्छी पारी आई है। कप्तान नारायन जगदीशन को अभी तक फॉर्म की तलाश है। लेकिन वे काफी प्रतिभाशाली विकेट कीपर बल्लेबाज हैं और कभी भी फॉर्म में आ सकते हैं।

यूपी के बल्लेबाज फॉर्म में

यूपी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी इस सीजन अब तक अच्छी नजर आ रही है। खासकर बल्लेबाजी में माधव कौशिक और पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल पिछले सीजन की अपनी फॉर्म को इस सीजन तक बरकरार रखने में सफल रहे हैं। माधव कौशिक के बल्ले से पिछले अंतिम 10 रणजी मैचों एक शतक और 5 अर्द्धशतक निकले हैं। इसके अलावा विदर्भ के खिलाफ 41 रनों की एक पारी भी शामिल है। हालांकि कौशिक को अपनी पारी सजाने में काफी समय लग जाता है, जिससे टीम का रन रेट बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।

आर्यन जुयाल के बल्ले से लगातार निकल रहे रन

पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल भी जबर्दस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले 9 रणजी मैचों में ही 4 शतक, जिनमें एक दोहरा शतक भी है और 2 अर्द्धशतक जड़े हैं। हालांकि सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी, कप्तान करन शर्मा और आराध्य यादव के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं है, जबकि प्रियम गर्ग अभी तक फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं। शिवम मावी ने नागालैंड के खिलाफ ताबड़तोड़ शतक जड़कर अपनी ऑलराउडर छवि को और तराशा है। वे अपनी टीम के लिए लोअर ऑर्डर में एक उपयोगी बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।

रिंकू सिंह की वापसी ने यूपी को मजबूत दी

यूपी के लिए अच्छी खबर यह है कि इस सीजन एक ही मैच खेल सके रिंकू सिंह भी वापस टीम से जुड़ गए हैं। उन्होंने आन्ध्र प्रदेश के खिलाफ खेले एकमात्र मैच में नाबाद 165 रनों की पारी खेलकर यूपी को पहली पारी में बढ़त दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। उनके आने से यूपी टीम अब काफी मजबूत नजर आ रही है। गेंदबाजी में शिवम मावी, आकिब खान, शिवम शर्मा और विप्रज निगम में से कोई भी दो गेंदबाज यदि क्लिक करते हैं, तो यूपी के लिए मैच बनने में बहुत मुश्किल नहीं होगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here