– उड़ीसा की पहली पारी के 243 रनों के जवाब में यूपी ने दूसरे दिन 3 विकेट पर 263 रन बनाए
– माधव कौशिक, करन शर्मा और आराध्य यादव ने जड़े अर्द्धशतक, तीनों विकेट मीडियम पेसर संबित बराल को मिले
कानपुर। कप्तान करन शर्मा (83) और आराध्य यादव (80) के बीच चौथे विकेट के लिए 146 रनों की अटूट साझेदारी ने यूपी को शुरुआती लड़खड़ाहट से न केवल संभाल लिया, बल्कि उड़ीसा के खिलाफ एलीट ग्रुप ए के रणजी मुकाबले में पहली पारी में बढ़त भी दिला दी। उड़ीसा की पहली पारी के 243 रनों के जवाब में यूपी ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट पर 262 रन बनाकर 19 रनों की बढ़त भी हासिल कर ली।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन मेहमान गेंदबाज सिर्फ तीन विकेट ही निकाल सके। तीनों विकेट इस मैच के साथ डेब्यू करने वाले मीडियम पेसर संबित बराल ने लिए। मैच का आधा समय निकल चुका है और अभी पहली पारी ही चल रही है, इसलिए अब तीसरे दिन के खेल में यूपी के बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने होंगे, तभी जीत की संभावनाएं बन सकेंगी। यूपी अपनी बढ़त को 175 से 200 रन पहुंचा लंच के एक घंटे बाद या टी ब्रेक पर पारी घोषित कर उड़ीसा को दूसरी पारी में परेशान करना होगा।
मीडियम पेसर संबित बराल ने सुबह यूपी को दो तगड़े झटके दिए। दरअसल 11 गेंदों के भीतर ही ओपनर अभिषेक गोस्वामी (24) और इन्फॉर्म बल्लेबाज आर्यन जुयाल (00) के विकेट 45 के कुल स्कोर पर गिर जाने से यूपी की पारी लड़खड़ा गई थी। लेकिन तीसरे विकेट लिए माधव कौशिक और कप्तान करन शर्मा के बीच निभी 71 रनों की साझेदारी ने स्थिति को और खराब नहीं होने दिया। माधव कौशिक (67) की शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेलने के बाद संबित बराल के तीसरे शिकार बने। वह अपनी शानदार पारी से टीम को दोबारा ट्रैक पर ले आए। कौशिक ने अपनी पारी के दौरान 122 गेंदें खेलकर 9 चौके भी लगाए। तीसरा विकेट 116 रनों पर जब गिरा, तब भी यूपी टीम उड़ीसा से पहली पारी से 127 रनों से पीछे थी।
अब यूपी का पहला लक्ष्य पहली पारी में बढ़त हासिल करने का था। लिहाजा कप्तान करन शर्मा और नए बल्लेबाज आराध्य यादव ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों ने मेहमान गेंदबाजी की जमकर खबर लेते हुए शतक की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। करन शर्मा अब तक 199 गेंदों का सामना कर अपनी शानदार पारी के दौरान 9 चौके जड़ चुके हैं, जबकि दूसरे छोर पर नाबाद रहते हुए आराध्य यादव 151 गेंदों की अपनी आक्रामक पारी में अब तक 2 छक्के और 9 चौके जड़ चुके हैं।
ग्रीनपार्क का विकेट सुबह सीमर्स को नमी का फायदा देने के बाद दिन चढ़ते-चढ़ते बल्लेबाजी के लिए आसान होता गया। पहले दिन जहां 7 विकेट स्पिनर्स को मिले थे वहीं दूसरे दिन फिरकी गेंदबाज विकेट के लिए तरसते रहे। पेसर्स को दोनों दिन तीन-तीन विकेट मिले। इससे साफ है कि यह विकेट स्पोर्टिंग है और गेंदबाजों व बल्लेबाजों दोनों को बराबर मदद कर रहा है। यूपी की टीम के पास इस मैच में जीत दर्ज करने का शानदार मौका है। लेकिन इसके लिए तीसरे दिन बल्लेबाजों को काफी आक्रामक रुख अख्तियार कर ज्यादा से ज्यादा रन जुटाकर अपने गेंदबाजों को इतना मौका भी देना होगा कि वे उड़ीसा के दस विकेट भी निकाल सकें। यानि यूपी टीम बाकी बचे दो दिनों में सीधी जीत की संभावनाएं तलाशेगी।










