रणजी ट्रॉफी : कोटांबी में बारिश की खलनायिकी जारी, यूपी-बड़ौदा को करना पड़ सकता है 1-1 अंक से संतोष

0
80

– रविवार शाम को हुई बारिश ने तीसरे दिन के खेल पर भी सवाल खड़ा किया
– पहले दो दिन में नहीं डाली जा सकी एक भी गेंद, टॉस का इंतजार और बढ़ा

बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के कोटांबी इंटरनेशनल स्टेडियम में रुक-रुक कर हो रही बेमौसम बारिश और गीली आउट फील्ड के चलते उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच एलीट ग्रुप ए के रणजी मुकाबले के दूसरे दिन भी खेल नहीं हो सका। पहले दो दिन इस मैच में ग्राउंड्समैन और मौसम के बीच ही मुकाबला होता रहा, जिसमें हर बार बारिश ही जीती। पहले दो दिनों में न तो एक भी गेंद का खेल हो सका और न ही यह तय करने के लिए टॉस हो सका कि कौन सी टीम पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी करेगी। अब इस मैच में दोनों टीमों को एक-एक अंक से ही संतोष करना पड़ सकता है।

मैच शुरू होने से एक दिन पहले हुई बारिश से खराब आउट फील्ड को मैदान कर्मी जब तक खेलने योग्य बना पाते कि दोबारा बारिश शुरू हो गई और उसने पहले दिन का पूरा खेल धो डाला। रविवार को फिर दिन भर मैदानकर्मी ग्राउंड को सुखाने की मशक्कत करते रहे लेकिन बात बनी नहीं। शाम जब खिलाड़ी होटल के लिए निकल रहे थे, एक बार फिर एक घंटे तेज बारिश हो गई, जिससे सोमवार को भी समय से मैच शुरू हो पाने को लेकर आशंका बन गई है।

अब इस मैच में दो दिन का खेल ही और बचा है। ऐसे में दोनों टीमों की एक-एक पारी होना काफी मुश्किल नजर आ रहा है। खासकर उस स्थिति में जबकि अभी तक यह भी तय नहीं है कि तीसरे दिन का खेल भी हो पाएगा या नहीं। यदि हो पाएगा तो कब टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान मैदान में उतरेंगे, इसलिए दोनों टीमों को यहां से 1-1 अंक ही मिलने की ज्यादा संभावना नजर आ रही है।

बता दें कि यदि खराब मौसम या किसी अन्य वजह से दोनों टीमों की पहली पारी भी पूरी नहीं हो पाती है तो उस स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक बांट देने का प्रावधान है। बड़ौदा में मानसून के बाद की बारिश ने आउटफील्ड को काफी खराब कर दिया है। मैदानकर्मी दिन रात मेहनत कर ग्राउंड को मैच शुरू करवाने लायक बनाने की कवायद में लगे हुए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here