रणजी : रिंकू सिंह ने दिखाया वे सिर्फ व्हाइट बॉल के खिलाड़ी नहीं, एक बार फिर अकेले दम यूपी को दिलाए 3 अंक

0
64

– तमिलनाडु के 455 रनों के जवाब में यूपी की पहली पारी 460 रनों पर समाप्त हुई

– प्लेयर ऑफ द मैच रिंकू सिंह ने खेली 176 रनों की शानदार पारी

टीम इंडिया के सलेक्टर्स और हेड कोच जब टेस्ट क्रिकेट में मिडिल ऑर्डर की नाकामी को लेकर आलोचनाओं में घिरे थे, उस दौरान रिंकू सिंह बेहद जिम्मेदारी से सुरक्षात्मक व आक्रामक बल्लेबाजी के मिश्रण के साथ यूपी को तमिलनाडु के विशाल स्कोर के पार पहुंचाने के कारनामे को अंजाम दे रहे थे। कोयंबटूर में ड्रॉ समाप्त हुए रणजी ट्रॉफी एलीट ए ग्रुप के पहले चरण के अंतिम मुकाबले में यूपी ने तमिलनाडु से उसके ही विकेट पर 3 अंक छीन खुद को नॉक आउट की दौड़ में बरकरार रखा।

रिंकू सिंह ने दो मैच खेले और दोनों में शतक लगाए

रिंकू ने पहले चरण के 5 में से सिर्फ 2 मैच खेले और दोनों में ही अपनी टीम को फंसी हुई स्थिति से निकालकर न सिर्फ 3-3 अंक ही दिलवाए, बल्कि दोनों ही मैचों में डेढ़ सौ रन से ज्यादा की पारी भी खेली। आन्ध्र प्रदेश के खिलाफ उन्होंने ग्रीनपार्क स्टेडियम में नाबाद 165 रन बनाए थे और कोयंबटूर में तमिलनाडु के खिलाफ रिंकू सिंह ने 176 (247 गेंद, 6 छक्के, 17 चौके) रनों की शानदार पारी खेली। दोनों ही मौकों पर रिंकू सिंह ने अकेले दम यूपी को पहली पारी में बढ़त दिलवा भारतीय सलेक्टर्स को भी यह संदेश भेजा कि वे व्हाइट बॉल के जितने शानदार खिलाड़ी हैं उतने ही बेहतरीन रेड बॉल के खिलाड़ी हैं, इसलिए अब वे उनको भी संभावनाओं की सूची में डाल सकते हैं।

नवोदित कार्तिक यादव ने गेंद के बाद बल्ले से भी योगदान किया

रिंकू सिंह और शिवम शर्मा ने चौथे दिन जब 339/6 के स्कोर पर क्रीज संभाली, उस समय यूपी को पहली पारी की बढ़त के लिए 117 रनों की और जरूरत थी। लेकिन मुश्किल यह थी कि नीचे खास बल्लेबाजी नहीं बची थी। ऐसे में जब शिवम शर्मा (22) भी 348 रनों के कुल स्कोर पर साथ छोड़ गए तो यूपी के लिए परिस्थितियां और भी विकट हो गईं। लेकिन रिंकू सिंह ने धैर्य नहीं खोया और कार्तिक यादव (20) के साथ 8वें विकेट लिए बेहद महत्वपूर्ण 59 रन और आकिब खान (नाबाद 14) के साथ 46 रनों की साझेदारी कर यूपी को लीड की दहलीज पर ला खड़ा किया। रिंकू सिंह की पारी की खूबसूरती यह रही कि वे भारी दबाव के बावजूद डिफेंस के साथ अपनी आक्रामकता से भी तमिलनाडु के गेंदबाजों को परेशान किए थे। इसका बेहतरीन सबूत उनकी इस पारी में लगाए गए 6 छक्के और 17 चौके हैं। नवोदित खिलाड़ी कार्तिक यादव ने पहले तो 5 विकेट लिए और फिर बल्लेबाजी में भी बेहद महत्वपूर्ण 20 रन बनाकर अपने डेब्यू को यादगार कर दिया।

रिंकू सिंह का विकेट गिरने पर फिर सांसें ऊपर-नीचे हुईं

रिंकू सिंह जब 443 के कुल स्कोर पर 9वें विकेट के रूप में आउट हुए तब एक बार फिर यूपी के ड्रेसिंग रूम में टीम की सांसें ऊपर-नीचे होने लगीं, क्योंकि अभी भी उसे तमिलनाडु के 455 रनों से आगे निकलने के लिए 14 रनों की और जरूरत थी। लेकिन आकिब खान और कुणाल त्यागी (5) ने तमिलनाडु का स्कोर पार कर टीम को 3 महत्वपूर्ण अंक दिलवा दिए। यूपी टीम 5 रन की लीड लेते हुए 460 रन बनाकर आउट हो गई। तमिलनाडु के लिए पी. विद्युत ने 4, साईं किशोर ने 3, सरवना कुमार ने 2 और सोनू यादव ने एक विकेट लिया।

अंतिम दिन का रोमांच पहले सेशन तक सिमटा

यूपी की पारी खत्म होने के तुरंत बाद लंच हो गया। अंतिम दिन पहले सेशन तक ही इस मैच के सारा रोमांच सिमट कर रहा गया। लंच के बाद मुकाबले को ड्रॉ तक ले जाने की औपचारिकता ही बची थी। तमिलनाडु ने अपनी दूसरी पारी में 103 रनों पर जब दूसरा विकेट गंवाया, उसके बाद दोनों अम्पायरों ने मैच में कोई रिजल्ट निकलने की संभावना न बचने पर मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया। तमिलनाडु के लिए बाला सुब्रमण्यम सचिन ने 59 और नारायण जगदीशन ने 44 रन बनाए। ये दोनों विकेट शिवम शर्मा और अभिषेक गोस्वामी के हिस्से आए।

यूपी नॉक आउट की दौड़ में बरकरार पर आन्ध्र प्रदेश से खतरा

यूपी के फिलहाल 5 मैचों से 17 अंक हैं और ग्रुप ए की अंक तालिका में उसका स्थान चौथे नम्बर पर है। विदर्भ 25 अंक लेकर पहले आन्ध्र प्रदेश 22 अंक के साथ दूसरे और झारखंड 18 लेकर तीसरे स्थान पर है। सभी टीमों के पास अब दूसरे चरण में 2-2 मैच और बचे हैं। यूपी के लिए आन्ध्र प्रदेश की टीम नॉक आउट दौर में पहुंचने की राह में सबसे बड़ी बाधा बन सकती है। यूपी को अपना अगला मैच झारखंड से मेरठ में 22 से 26 जनवरी तक खेलना है, जबकि 29 जनवरी से 1 फरवरी तक विदर्भ के खिलाफ उसी के विकेट पर नागपुर में खेलना है। यूपी को नॉक आउट दौर में जगह बनाने के लिए न सिर्फ झारखंड से अपना मुकाबला हर हाल में जीतना होगा, बल्कि विदर्भ के खिलाफ भी कम से कम 3 अंक जुटाने होंगे। साथ ही 22 अंक जुटा चुकी आन्ध्र प्रदेश के प्रदर्शन पर भी निगाह रखनी होगी, क्योंकि आन्ध्र प्रदेश को अपने विकेट पर विदर्भ से और नागालैंड की कमजोर टीम के खिलाफ उसी के विकेट पर एक मैच खेलना है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले 6 फरवरी से शुरू हो जाएंगे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here