रणजी : नागपुर में दिखा क्रिकेट का असली रोमांच, यूपी को जीत के लिए चाहिए 6 विकेट और विदर्भ को 110 रन

0
52

 

– फिरकी गेंदबाज शिवम शर्मा ने तीन विकेट चटका यूपी को फिर जीत के संघर्ष में खड़ा कर दिया
– यूपी की दूसरी पारी 200 पर सिमटी, विदर्भ ने भी 91 रन पर 4 विकेट गंवा दिए पर अमन मोखाड़े जमे

क्रिकेट का असली लुत्फ उठाना है तो विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के जामथ स्टेडियम, नागपुर में पहुंचिए, जहां रणजी ट्रॉफी 2025-06 का अंतिम लीग मुकाबला रोमांच और क्रिकेट की अनिश्चितता के चरम पर पहुंच चुका है। यहां चल रहे विदर्भ और यूपी के बीच रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के इस मुकाबले में तीसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ तब दोनों ही टीमें जीत और हार के भंवर में फंसने के बाद बाजी अपने पक्ष में करने की जद्दोजहद में जुटी थीं। पहली पारी में दोनों टीमों का स्कोर 237-237 के साथ टाई रहा था।

मेहमान टीम की दूसरी पारी को 200 पर समेटने के बाद मेजबान टीम ने जब जीत के लिए छोटे से लक्ष्य का पीछा किया और स्कोर बिना नुक्सान 41 रन तक पहुंचा दिया तो यूपी पर हार का संकट साफ मंडराता नजर आया। लेकिन इसके बाद खेल ने कांटा बदला और फिर लेफ्ट ऑर्म स्पिनर शिवम शर्मा ने अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों को नचाना शुरू किया। उन्होंने आज की अंतिम गेंद पर भी रवि कुमार सामर्थ का विकेट लेकर दिन का शानदार अंत किया। विदर्भ की दूसरी पारी में 91 रनों पर 4 विकेट गिर चुके थे, जिनमें से शिवम शर्मा ने तीन विकेटों पर अपना नाम दर्ज करवा लिया था।

विदर्भ के लिए राहत की बात यह है कि सलामी बल्लेबाज अमन मोखाड़े 50 रन बनाकर एक छोर मजबूती के साथ संभाले हुए हैं। सत्यम भोयार (13), रोहित बिनकर (0), यश कदम (10) और रवि कुमार समर्थ (11) सस्ते में पवेलियन लौट चुके थे। शिवम शर्मा के अलावा एक अन्य विकेट कार्तिक त्यागी ने लिया। अब इस मैच में ऊंट किस करवट बैठेगा, इस बारे में कुछ भी कहा नहीं जा सकता, क्योंकि विदर्भ को जीत के लिए अभी और 110 रनों की जरूरत है, जबकि यूपी को मैच का नतीजा अपने पक्ष में करने के लिए 6 विकेट और गिराने हैं। इसमें अब मोकाड़े का विकेट यूपी के लिए काफी अहम बन गया है।

इससे पहले यूपी ने अपनी दूसरी पारी में भी खराब बल्लेबाजी की। कप्तान आर्यन जुयाल ने 36, आदित्य शर्मा 44, ध्रुव जुरेल 40, सिद्धार्थ यादव 32 के छोटे-छोटे सहयोग से यूपी ने अपनी पारी का स्कोर 200 रनों तक पहुंचाया। पर्थ रेखाडे ने तीन और यश ठाकुर, नचिकेत भूते ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एक-एक विकेट हर्ष दुबे और यश कदम के हिस्से आया।

 

 

 

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here