– दिन भर पिटते रहे नागालैंड के गेंदबाज, यूपी के टॉस जीतने के बाद 1 विकेट पर 301 रन
– माधव कौशिक और आर्यन जुयाल के शतकीय प्रहार, पहला दिन मेजबान टीम के नाम
कानपुर। शुरुआत अच्छी हो जाए तो परिस्थितियां भी आपके मुताबिक बनने लगती हैं। सीजन का अपना चौथा रणजी ट्रॉफी मैच खेल रही यूपी टीम के लिए आज ग्रीन पार्क स्टेडियम में सब कुछ मन माफिक हुआ। एलीट ग्रुप ए में कमजोर नागालैंड के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक और पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल के नाबाद शतकों व दो शतकीय साझेदारियों की मदद से मेजबान टीम ने पहले दिन 1 विकेट पर 301 रन बना धाकड़ आगाज किया।
यूपी की सलामी जोड़ी अभिषेक गोस्वामी और माधव कौशिक ने शतकीय साझेदारी (118) से पहले तो मजबूत आधार तैयार किया और फिर कौशिक और जुयाल ने दिन भर विपक्षी गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। नागालैंड को अभिषेक गोस्वामी (55) के रूप में एकमात्र सफलता मिली। इसके बाद माधव कौशिक (नाबाद 120) और आर्यन जुयाल (नाबाद 118) ने विकेट पर जो पैर जमाए वो दिन के अंतिम सत्र तक नहीं हिले। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 183 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
बल्लेबाजी में आक्रामकता का अभाव नजर आया
हालांकि यूपी टीम शाम तक और बड़ा स्कोर टांग सकते थी लेकिन बल्लेबाजी में आक्रामकता का अभाव नजर आया। खासकर माधव कौशिक अतिरिक्त ऐहतियात बरतते दिखाई दिए, जिससे उनकी रन बनाने की गति 44.78 के स्ट्राइक रेट के साथ रही। मेजबान टीम होम विकेट पर अपना तीसरा मुकाबला खेल रही है। यूपी इस मैच में 2025-26 सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश खत्म करना चाहती है। टॉप ऑर्डर ने जीत के लिए स्टेज सजा भी दिया है। यूपी टीम यदि दूसरे दिन दो सेशन में 550 के आसपास रन बनाकर पारी की घोषणा करती है तो नागालैंड की कमजोर बल्लेबाजी को 7 सत्रों के खेल में दो बार आउट कर सीधी जीत से प्वाइंट टेबल में छलांग लगा सकती है। यूपी के पास अभी लगभग पूरी बल्लेबाजी पड़ी है और स्कोर बोर्ड पर 300 का आंकड़ा दर्ज हो चुका है। ऐसे में दूसरे दिन पहले दो सेशन खुलकर बल्लेबाजी करने में उसे कोई खतरा भी नहीं है।
पूरे दिन फेंकी गईं 540 में 268 गेंदें माधव कौशिक खेले
माधव कौशिक ने आज अपनी पारी के दौरान 268 गेंदें खेलीं और 9 चौके लगाए। यानि दिन में फेंके गए 90 ओवरों में से लगभग आधे ओवर एक ही बल्लेबाज खेल जाता है। या यूं समझें कि पूरे दिन फेंकी गईं 540 गेंदों में से 268 गेंदें (44.2 ओवर) माधव कौशिक ही खेलते हैं। कमजोर गेंदबाजी के सामने आधा दिन खेलने के बाद भी 120 रन ही बना पाने का मतलब कोच ने ड्रेसिंग रूम से इस बल्लेबाज को तेज खेलने के लिए कोई निर्देश ही नहीं भेजे। कोच को यह भी देखना होगा कि बल्लेबाज टीम के लिए खेल रहा है या खुद के लिए। होम विकेट पर पिछले मैचों में भी यूपी धीमी बल्लेबाजी के चलते जीत तक नहीं पहुंच सकी थी। आर्यन जुयाल ने 172 गेंदों का सामना कर 15 बार गेंद को सीमा रेखा दिखाई। नागालैंड के एकमात्र सफल गेंदबाज लेफ्ट आर्म स्पिनर इमलीवाटी लेमतुर रहे, जिन्होंने अभिषेक गोस्वामी को बोल्ड कर पवेलियन भेजा।










