रणजी : यूपी ने शुरुआती लाभ गंवाया, बाबा इंद्रजीत और आंड्रेई सिद्धार्थ के शतक से तमिलनाडु की वापसी

0
72

– तमिलनाडु के पहली पारी में 5 विकेट पर 282 रन, यूपी ने पहले 3 विकेट सिर्फ 20 रन पर गिरा दिए थे

– इंद्रजीत और सिद्धार्थ के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 211 रनों की साझेदारी ने मेजबान टीम को संकट से उबार लिया

कोयंबटूर में रविवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी एलीट ए ग्रुप के मुकाबले के पहले घंटे में यूपी के तेज गेंदबाजों ने तमिलनाडु को जल्दी-जल्दी तीन झटके देकर जो दबाव बनाया था, वह दिन चढ़ते-चढ़ते गंवा भी दिया। मेजबान बल्लेबाजों बाबा इंद्रजीत और आन्द्रे सिद्धार्थ ने मध्यक्रम चरमराने के बाद शानदार शतक जड़ने के साथ ही पांचवें विकेट के लिए 211 रनों की साझेदारी कर बुरी तरह संकट में घिरी अपनी टीम को उबार लिया। तमिलनाडु ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 282 रन बना लिए थे। तमिलनाडु की टीम को इस सीजन में अभी पहली जीत की तलाश है।

सुबह यूपी की स्विंग गेंदबाजी तमिलनाडु के बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन गई। एक समय तमिलनाडु की टीम 20 रन पर अपने 3 प्रमुख विकेट खोकर बुरी तरह लड़खड़ा रही थी। उसने अपना चौथा विकेट भी 71 रनों पर खो दिया था। लेकिन इसके बाद बाबा इन्द्रजीत (नाबाद 128 रन, 157 गेंद, 5 छक्के, 8 चौके) और आन्द्रे सिद्धार्थ (121 रन, 205 गेंद, 2 छक्के, 12 चौके) के शतकों ने यूपी से सुबह का लाभ छीन लिया। यूपी को आन्द्रे सिद्धार्थ का विकेट अंतिम ओवर में मिला। कप्तान आर. साईं किशोर ने अपने घरेलू मैदान में हल्की गर्मी के बावजूद टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। लेकिन शुरुआत में ही 3 विकेट गिरने से उनका दांव उल्टा पड़ गया।

तमिलनाडु ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाजों के हाथों गंवा दिया था। सुबह कुणाल त्यागी को शिवम मावी से पहले नई गेंद थमाई गई। उन्होंने पहले तो खब्बू बल्लेबाज बी. सचिन (2) को बार-बार छकाया और फिर विकेट के पीछे कैच करवाकर अपने कप्तान का भरोसा जीत लिया। त्यागी ने बी. सचिन को विकेट कीपर आर्यन जुयाल के हाथों कैच करवाया। इस समय तक तमिलनाडु का स्कोर केवल 9 रन ही था।

अभी दो रन ही जुड़े थे कि तेज गेंदबाज आकिब खान ने मेजबान टीम को दूसरा झटका अनुभवी बल्लेबाज नारायण जगदीशन (8) के रूप में दिया। आकिब खान ने आउट ऑफ फॉर्म चल रहे विकेट कीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन को माधव कौशिक के हाथों स्लिप में कैच करवाया। गेंद जगदीशन के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए पैड पर लगी और फिर स्लिप में एक आसान कैच के रूप में कौशिक के हाथों में चली गई।

आकिब खान ने जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे प्रदोश रंजन पॉल (2) के रूप में तमिलनाडु को 20 रनों के कुल योग पर सबसे बड़ा झटका दिया। पॉल जो इस सीजन में एक शतक और एक दोहरा शतक जड़ चुके हैं, अभिषेक गोस्वामी के हाथों कैच हुए। इस समय तमिलनाडु की पारी बुरी तरह लड़खड़ा रही थी और लग रहा था कि यूपी के गेंदबाज इस दबाव को बरकरार रख कुछ और विकेट निकालने में कामयाब रहे तो पहले दिन का खेल यूपी के नाम करवा सकते हैं।

तमिलनाडु के तीन विकेट गिरने के बाद बाबा इंद्रजीत भी चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इंद्रजीत ड्रिंक्स ब्रेक के बाद मैदान से बाहर चले गए। हालांकि पी. विद्युत का विकेट गिरने पर टीम की खराब स्थिति देखकर वे ट्रीटमेंट लेने के बाद फिर मैदान में लौटे और शानदार नाबाद शतक जड़ दिया।

चौथे विकेट पर 51 रनों की साझेदारी ने विकेटों के पतझड़ को रोका। अगला विकेट 71 रनों के कुल योग पर पी. विद्युत (11) का गिरा। उनको लेफ्ट ऑर्म स्पिनर कार्तिक यादव ने बोल्ड किया। लेकिन इसके बाद यूपी के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए। यूपी को पांचवीं सफलता पारी के अंतिम ओवर में तब मिली, जब कुणाल त्यागी ने आन्द्रे सिद्धार्थ को शिवम मावी के हाथों कैच करवाया।

लंच तक तमिलनाडु का स्कोर जहां 26 ओवर में 41 रन पर 3 विकेट था, वहीं दूसरे सत्र में उत्तर प्रदेश ने 28 ओवर फेंके और तमिलनाडु ने 3.82 प्रति ओवर की औसत से रन बनाकर वापसी की और 4 विकेट पर 148 रन बनाए। इस दौरान दोनों शतकीय बल्लेबाजों ने यूपी के गेंदबाजों की जमकर खबर भी ली। खासकर बाबा इन्द्रजीत ने आक्रामक रुख अपनाया और 5 बार गेंद को छक्के के लिए हवा मार्ग से बाउंड्री भी लंघाई। दूसरी ओर आन्द्रे सिद्धार्थ की पारी में डिफेंस और अटैक का मिश्रण देखने को मिला। यूपी के लिए कुणाल त्यागी और आकिब खान ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एक सफलता कार्तिक यादव के हाथ लगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here