रणजी : यूपी ने नागालैंड पर तीसरे ही दिन पारी और 265 रनों से जीत दर्ज कर 7 अंक झटके

0
91

– प्लेयर ऑफ द मैच शिवम मावी ने पहली और शिवम शर्मा ने दूसरी पारी में खोला पंजा

-नागालैंड पहली पारी में 117 पर सिमटने के बाद दूसरी पारी में सिर्फ 153 रनों पर ढेर, तीसरे दिन नागालैंड के16 विकेट गिरे

 

कानपुर। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के आज यहां खत्म हुए मुकाबले में नतीजे का अनुमान तो पहले से ही था, बस दिलचस्पी यह बची थी कि नागालैंड मैच को चौथे दिन तक ले जा पाएगा या नहीं। लेकिन ग्रीनपार्क स्टेडियम के विकेट पर यूपी के गेंदबाजों ने मेहमान बल्लेबाजों की दोनों पारियों में कमर तोड़ तीसरे ही दिन मैच को यूपी की झोली में डाल दिया। यूपी को इस सीजन में 4 मैचों में यह पहली जीत मिली है। इस मैच से यूपी को एक बोनस समेत कुल 7 अंक मिले।

पहले दिन तूफानी शतक ठोकने वाले प्लेयर ऑफ द मैच शिवम मावी ने सोमवार को पहली पारी और शिवम शर्मा ने दूसरी पारी में पांच-पांच विकेट चटका यूपी को एक पारी और 265 रनों बड़ी जीत दिलवा प्वाइंट टेबल में तीसरे स्थान पर ला खड़ा किया। कल के स्कोर 77 रन पर 4 विकेट से आगे खेलते हुए नागालैंड की पहली पारी 117 रनों पर सिमट गई।

फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में भी उसका संघर्ष 153 रनों पर जाकर खत्म हो गया। बता दें कि इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम ने सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक (नाबाद 185), पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल (140) और शिवम मावी (नाबाद 101) के शतकों की मदद से अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 535 रन बनाकर घोषित कर दी थी।

नागालैंड की पहली पारी के अंतिम 6 विकेट सिर्फ 40 रन और जोड़कर आउट हो गए। नागालैंड की पारी को जल्दी समेटने में तेज गेंदबाज शिवम मावी की खास भूमिका रही, जिन्होंने सिर्फ 18 रन देकर 5 विकेट लिए। दो-दो विकेट तेज गेंदबाज आकिब खान और लेग स्पिनर शिवम शर्मा, जबकि एक विकेट तेज गेंदबाज कुनाल त्यागी ने लिया।

नागालैंड का दूसरी पारी में भी खराब प्रदर्शन जारी रहा। लेग स्पिनर शिवम शर्मा और ऑफ स्पिनर करन शर्मा की घूमती गेंदों के सामने चेतन बिष्ट (53) और डेगा निश्चल (23) के अलावा कोई भी बल्लेबाज विकेट पर ज्यादा देर खड़ा नहीं रह सका। शिवम शर्मा ने 25 रन देकर 5, जबकि करन शर्मा ने 72 रन देकर 2 विकेट लिए। 12 रन देकर 2 विकेट तेज गेंदबाज आकिब खान को मिले। शिवम शर्मा ने इस मैच की दोनों पारियों में 34 रन देकर 8 विकेट लिए।

फिलहाल यूपी प्वाइंट टेबल में छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर पहुंच तो गई है लेकिन अभी दो मुकाबले चल रहे हैं। झारखंड को बड़ौदा से पहली पारी में लीड मिल गई है, जबकि विदर्भ का उड़ीसा से मुकाबला रोमांचक दौर में हंै। यूपी का तीसरे स्थान पर बरकरार रहना विदर्भ और उड़ीसा के बीच चल रहे मुकाबले के रिजल्ट पर निर्भर करेगा, जो कल खत्म हो रहा है। उड़ीसा को जीत के लिए अंतिम दिन 301 रन बनाने हैं, जबकि उसके सभी विकेट सुरक्षित हैं।

विदर्भ यदि जीतती है तो 6 अंक और लेकर 19 अंकों के साथ शीर्ष पर आ जाएगी, जबकि झारखंड जो बड़ौदा से पहली पारी में लीड ले चुकी है 18 अंकों के साथ दूसरे, आन्ध्र प्रदेश तीसरे व यूपी चौथे नम्बर पर पहुंच जाएगी। अभी झारखंड और आन्ध्र प्रदेश 15-15 अंकों के साथ पहले व दूसरे, जबकि यूपी 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

 

 

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here